सुप्रिया सुले (सोर्स: IANS)
मुंबई

INDIA ब्लॉक की बैठक में शामिल नहीं होंगी सुप्रिया सुले, डिलिमिटेशन बिल पर विपक्ष में रार!

Supriya Sule INDIA Bloc Meeting: INDIA ब्लॉक की 28 नवंबर की बैठक में सुप्रिया सुले शामिल नहीं होंगी। शरद पवार ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती हैं। जानिए परिसीमन पर NCP-SP का रुख और राजनीतिक मायने।

गोरक्ष पोफली

Highlights

  • 28 नवंबर को INDIA ब्लॉक की अहम बैठक, संसद के विशेष सत्र की रणनीति पर होगी चर्चा।

  • शरद पवार की तबीयत बिगड़ने के कारण अस्पताल में भर्ती, सुप्रिया सुले मुंबई में रहेंगी।

  • सुप्रिया सुले INDIA ब्लॉक की बैठक में नहीं होंगी शामिल, पार्टी के अन्य सांसद करेंगे प्रतिनिधित्व।

  • संजय राउत भी बैठक से रहेंगे दूर, शिवसेना (UBT) के अन्य सांसद होंगे शामिल।

  • परिसीमन पर NCP-SP का सशर्त रुख, विधेयक का मसौदा देखने के बाद ही समर्थन या विरोध पर फैसला।

Supriya Sule Absent INDIA Bloc Meeting: संसद के विशेष सत्र से ठीक पहले विपक्षी INDIA ब्लॉक की अहम बैठक में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की कार्यकारी अध्यक्ष और सांसद सुप्रिया सुले ने बैठक से दूरी बनाने का फैसला किया है। इसकी वजह उनके पिता और एनसीपी (SP) प्रमुख शरद पवार की तबीयत बताई जा रही है।

वहीं, शिवसेना (UBT) के सांसद संजय राउत भी इस बैठक में शामिल नहीं होंगे। हालांकि, दोनों दलों की ओर से दूसरे सांसद बैठक में मौजूद रहेंगे। यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है, जब संसद के विशेष सत्र में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े प्रस्तावों को लेकर विपक्षी दलों की रणनीति तय होनी है।

क्यों बुलाई गई INDIA ब्लॉक की बैठक?

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर 27 नवंबर को हुई कांग्रेस नेताओं की बैठक में INDIA ब्लॉक की बैठक बुलाने का निर्णय लिया गया। इसमें राहुल गांधी, केसी वेणुगोपाल, जयराम रमेश और प्रियंका गांधी समेत वरिष्ठ नेता मौजूद थे। विपक्षी गठबंधन की यह बैठक 28 नवंबर को दिल्ली में प्रस्तावित है। इसमें संसद के विशेष सत्र के दौरान सरकार को घेरने, संभावित विधेयकों पर विपक्ष का साझा रुख तय करने और सदन में संयुक्त रणनीति बनाने पर चर्चा होनी है। बैठक में डीएमके समेत गठबंधन के अन्य घटक दलों को भी आमंत्रित किए जाने की जानकारी है।

शरद पवार के अस्पताल में भर्ती होने का कारण

सुप्रिया सुले की अनुपस्थिति को लेकर सबसे अहम वजह शरद पवार की तबीयत है। 26 नवंबर को 85 वर्षीय शरद पवार को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सुप्रिया सुले ने खुद सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी देते हुए बताया था कि उन्हें डिहाइड्रेशन यानी शरीर में पानी की कमी की शिकायत हुई है। उन्होंने कहा था कि डॉक्टरों ने उन्हें आराम करने और यात्रा कम करने की सलाह दी है, लेकिन वह लगातार काम में व्यस्त रहते हैं।

सुप्रिया सुले पार्टी की मुंबई में आयोजित बैठक में भी मौजूद थीं, लेकिन पिता के अस्पताल में भर्ती होने की खबर मिलने के बाद वह बैठक बीच में छोड़कर अस्पताल पहुंच गई थीं। अब इसी पारिवारिक परिस्थिति के कारण वह 28 नवंबर को होने वाली INDIA ब्लॉक की बैठक में शामिल नहीं होंगी। हालांकि, पार्टी के अन्य सांसद गठबंधन की बैठक में मौजूद रहेंगे। विशेष सत्र के लिए सुप्रिया सुले के 29 नवंबर की रात सीधे दिल्ली पहुंचने की जानकारी भी सामने आई है।

सुप्रिया सुले के रुख ने बढ़ाई राजनीतिक चर्चा

सुप्रिया सुले की बैठक से अनुपस्थिति के बीच उनके परिसीमन पर दिए गए बयानों की भी चर्चा हो रही है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि विधेयक का मसौदा देखे बिना समर्थन या विरोध पर फैसला नहीं किया जा सकता। उनकी पार्टी की ओर से तीन प्रमुख शर्तें रखी गई हैं। पहली, महिला आरक्षण को लागू किया जाए। दूसरी, सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या समान रूप से 50 प्रतिशत बढ़ाई जाए। तीसरी, परिसीमन आयोग में विपक्ष को पर्याप्त प्रतिनिधित्व मिले।

खास बात यह है कि एनसीपी (SP) ने अपने सभी आठ लोकसभा सांसदों को विशेष सत्र में उपस्थित रहने के लिए थ्री-लाइन व्हिप जारी किया है। पार्टी ने कहा है कि सांसद सदन में मौजूद रहें और महत्वपूर्ण कामकाज के दौरान पार्टी के रुख का समर्थन करें। हालांकि, पार्टी ने अभी तक प्रस्तावित परिसीमन विधेयक पर अंतिम फैसला सार्वजनिक नहीं किया है।

राजनीति के भी बदलेंगे समीकरण?

इस पूरे घटनाक्रम के राजनीतिक मायने महाराष्ट्र तक सीमित नहीं हैं। INDIA ब्लॉक में कांग्रेस परिसीमन के प्रस्ताव को लेकर सरकार से स्पष्टता मांग रही है, जबकि शरद पवार गुट ने विधेयक की शर्तें देखने के बाद समर्थन की संभावना से इनकार नहीं किया है। इस अंतर ने विपक्षी गठबंधन के भीतर चर्चा को तेज कर दिया है। शरद पवार गुट के सशर्त समर्थन के संकेतों ने कांग्रेस समेत विपक्षी सहयोगियों के बीच असमंजस पैदा किया है।

Delimitation Bill LIVE: परिसीमन बिल को कैबिनेट की मंजूरी, 30 नवंबर से संसद का विशेष सत्र; क्या है नंबर गेम?

कैबिनेट बैठक के बाद परिसीमन संशोधन विधेयक को मिली मंजूरी, 50 फीसदी सीट बढ़ाने का प्रस्ताव भी मंजूर

क्या माता-पिता बेटे को संपत्ति से बेदखल कर सकते हैं? दिल्ली हाईकोर्ट ने सुनाया बड़ा फैसला

केंद्रीय कैबिनेट की बैठक खत्म, महिला आरक्षण बिल और परिसीमन विधेयक को लेकर संशय बरकरार

त्रिपुरा निकाय चुनाव में वोटिंग जारी, 77 सीटों पर जीती BJP; 16 नगर निकायों की 268 सीटों पर मुकाबला तेज