एथेनॉल आवंटन पर सुप्रीम कोर्ट की रोक से मक्का बाजार में चिंता।
2 दिसंबर को अगली सुनवाई, खरीद पर असर की आशंका।
पोल्ट्री और स्टार्च उद्योग की मांग से मक्का के भाव को मिल सकता है सहारा।
Ethanol Allocation Supreme Court Order: देश के मक्का बाजार के लिए एथेनॉल उद्योग से जुड़ी एक महत्वपूर्ण खबर सामने आई है। सुप्रीम कोर्ट ने एथेनॉल आवंटन से संबंधित विवाद की सुनवाई के दौरान BPCL, HPCL और इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOC) को एथेनॉल सप्लाई वर्ष की दूसरी तिमाही से आगे नया आवंटन नहीं करने का अंतरिम निर्देश दिया है।
इस मामले की अगली सुनवाई 2 दिसंबर 2026 को निर्धारित है। कोर्ट के इस आदेश के बाद मक्का कारोबारियों और एथेनॉल उद्योग से जुड़े लोगों के बीच मंदी की आशंका के बीच चिंता बढ़ गई है।
मक्का बाजार के लिए सबसे बड़ा सवाल यही है कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश का एथेनॉल प्लांटों की खरीद पर कितना असर पड़ेगा। गौरतलब है कि यह मामला मुख्य रूप से ESY 2025-26 के एथेनॉल आवंटन और डिस्टिलरीज की अतिरिक्त आवंटन मांग से जुड़ा है।
कोर्ट ने तेल कंपनियों को आगे का नया आवंटन नहीं करने का निर्देश दिया है, लेकिन मौजूदा अनुबंधों के तहत एथेनॉल उत्पादन अथवा किसानों से मक्का की खरीद पूरी तरह बंद करने का आदेश नहीं दिया है। इसलिए तत्काल मक्का की मांग ज्यादा कम होने की आशंका नहीं है।
मक्का बाजार में एथेनॉल प्लांटों की खरीद पहले से ही चर्चा का विषय बनी हुई है। कई क्षेत्रों में एथेनॉल निर्माता अन्य औद्योगिक खरीदारों की तुलना में कम भाव पर खरीद कर रहे हैं।
ऐसे में यदि आवंटन विवाद लंबा खिंचता है और प्लांट भविष्य की खरीद सीमित करते हैं, तो मक्का की औद्योगिक मांग प्रभावित हो सकती है। विशेष रूप से उन मंडियों में दबाव बढ़ने की आशंका है, जहां मक्का की खपत के लिए एथेनॉल उद्योग पर अधिक निर्भरता है।
आने वाले दिनों में मक्का बाजार को सहारा देने में पोल्ट्री फीड और स्टार्च उद्योग की मांग महत्वपूर्ण रहेगी। इन उद्योगों की ओर से अच्छी गुणवत्ता और कम नमी वाली मक्का की खरीद जारी रहती है तो भावों को समर्थन मिल सकता है।
वहीं नई फसल की अधिक आवक, ज्यादा नमी वाला माल और एथेनॉल प्लांटों की कमजोर खरीद एक साथ बनी रहती है तो सामान्य गुणवत्ता की मक्का पर दबाव बढ़ सकता है।
सुप्रीम कोर्ट में अगली सुनवाई के बाद एथेनॉल आवंटन विवाद को लेकर स्थिति अधिक स्पष्ट हो सकती है। बाजार की नजर इस बात पर रहेगी कि तेल कंपनियों की आवंटन प्रक्रिया में आगे क्या बदलाव होता है और एथेनॉल निर्माता अपनी मक्का खरीद किस स्तर पर जारी रखते हैं।
कैट के उपाध्यक्ष एवं ठाणे जिला होलसेल व्यापारी वेलफेयर महासंघ के अध्यक्ष सुरेशभाई ठक्कर के अनुसार निकट अवधि में मक्का बाजार में तेजी के बजाय उतार-चढ़ाव और दबाव की स्थिति बन सकती है। हालांकि, अभी बड़ी मंदी कहना जल्दबाजी होगी।
यदि एथेनॉल प्लांटों की खरीद कमजोर पड़ती है और मंडियों में आवक बढ़ती है तो भावों पर दबाव बढ़ सकता है। दूसरी ओर पोल्ट्री फीड और स्टार्च उद्योग की मजबूत मांग बाजार को संभाल सकती है।