शरद पवार को ब्रीच कैंडी अस्पताल से छुट्टी मिल गई है।
शरद पवार को ब्रोंकाइटिस का अटैक आया था।
डॉ. प्रतीत समदानी ने पुष्टि की कि शरद पवार की हालत अब स्थिर है।
Sharad Pawar Discharged From Breach Candy Hospital: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) प्रमुख शरद पवार के समर्थकों और देशवासियों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। छाती और सांस में संक्रमण (रेस्पिरेटरी इन्फेक्शन) के इलाज के बाद 84 वर्षीय शरद पवार को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। उनकी सेहत में अब काफी सुधार देखा जा रहा है और डॉक्टरों ने उन्हें फिलहाल घर पर ही आराम करने तथा इलाज जारी रखने की सलाह दी है।
ब्रीच कैंडी अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. प्रतीत समदानी ने शरद पवार का मेडिकल बुलेटिन साझा करते हुए उनकी सेहत की विस्तृत जानकारी दी। डॉ. समदानी ने बताया कि शरद पवार को पूरी तरह से स्थिर हालत में अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया है। वे अब अपने आवास पर रहकर ही दवाइयां और रिकवरी से जुड़ा बाकी इलाज जारी रखेंगे।
डॉक्टरों प्रतीत समदानी के अनुसार, शरद पवार को हाल ही में ब्रोंकाइटिस का अटैक आया था, जिसके कारण उन्हें छाती में गंभीर संक्रमण की शिकायत हो गई थी। हालांकि, सही समय पर मिले इलाज और डॉक्टरों की देखरेख से उनकी स्थिति में तेजी से सुधार हुआ है।
डॉ. प्रतीत समदानी ने आगे कहा कि उन्हें घर पर अपना इलाज जारी रखने के साथ-साथ वे सभी सामान्य सावधानियां बरतने के लिए कहा गया है, जो इस मौसम में देश के हर नागरिक को बरतनी चाहिए। चूंकि उनकी उम्र 80 वर्ष से अधिक है, इसलिए उनकी आयु को ध्यान में रखते हुए कुछ अतिरिक्त निर्देश भी दिए गए हैं। शरद पवार एक बेहद अनुशासित मरीज हैं और वे डॉक्टरों के निर्देशों का बहुत अच्छी तरह से पालन करते हैं। हमें पूरा यकीन है कि वे घर पर अपना पूरा ख्याल रखेंगे।
शरद पवार को अस्पताल से छुट्टी मिलने की खबर आते ही राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के कार्यकर्ताओं और नेताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। पिछले कुछ दिनों से उनके अस्वस्थ होने की खबर के बाद से ही समर्थक लगातार उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे थे। फिलहाल डॉक्टरों ने उन्हें किसी भी सार्वजनिक कार्यक्रम, राजनीतिक बैठकों या यात्राओं से पूरी तरह दूर रहने की सलाह दी है ताकि संक्रमण दोबारा न फैले।