Rupali Chakankar SIT Questioning: ढोंगी तांत्रिक अशोक खरात प्रकरण में राकां (अजीत पवार) गुट की नेता और राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष रूपाली चाकणकर रविवार को एसआईटी के समक्ष पेश हुई, वहां एसआईटी प्रमुख तेजस्वी सातपुते और उनकी टीम ने चाकणकर से करीब चार घंटे तक पूछताछ की।
पूछताछ के बाद रूपाली चाकणकर ने मीडिया को अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि एसआईटी की जांच जारी है और वे अधिकारियों के सवालों का जवाब देने के लिए ही यहां आई थीं। चाकणकर ने स्पष्ट किया कि इस जांच में उनका पूरी तरह से सहयोग रहेगा और पुलिस या जांच टीम को जो भी मदद चाहिए होगी, वह करेंगी।
रूपाली चाकणकर ने कहा कि लोगों के मन में कई शंकाएं हैं, लेकिन जांच पूरी होने पर सभी सवालों के जवाब अपने आप मिल जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें नहीं पता कि किसने क्या कहा है, लेकिन जांच में सहयोग करना उनकी नैतिक जिम्मेदारी है।
गौरतलब है कि अशोक खरात मामले में कई वीडियो सामने आए हैं तथा कई पीड़ित महिलाएं भी उसके खिलाफ सामने आई हैं। इससे यह स्पष्ट हो गया है कि कुकर्मी खरात किस तरह महिलाओं और लड़कियों का यौन शोषण करता था। राज्य सरकार द्वारा गठित एसआईटी इस मामले की हर पहलू से गहन जांच कर रही है।
अशोक खरात की गिरफ्तारी के बाद से ही रूपाली चाकणकर से भी पूछताछ की मांग लगातार उठ रही थी, इसी के मद्देनजर एसआईटी के समन पर चाकणकर रविवार को जांच अधिकारियों के समक्ष उपस्थित हुई।
पत्रकारों ने जब उनके घर नाशिक नंबर की एक गाड़ी आने के बारे में सवाल किया, तो उन्होंने स्पष्ट किया कि वे पवार साहब के कार्यकर्ता थे, जो शनिवार को ही मिलने वाले थे, लेकिन देरी के कारण रविवार को सुबह संक्षिप्त मुलाकात हो सकी।
ये भी पढ़ें :- अरब सागर में जाने से हर साल रुकेगा 200 टन कचरा, माहुल नाले में लगाया गया 57 मीटर लंबा ट्रैस बूम
पत संस्था के जरिए अशोक खरात द्वारा किए जा रहे वित्तीय घोटाले पर सवाल पूछे जाने पर चाकणकर ने कहा, रसमता सहित अन्य पतपेदियों (क्रेडिट सोसायटियों) में जो खाते थे, वे बनावटी थे। इस संबंध में पूरी रिपोर्ट जल्द आपके सामने आएगी। इस मामले में एसआईटी की जाच तेज गति से जारी है।