मुंबई: निर्वाचन आयोग महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव की घोषणा कभी भी कर सकता है। इसलिए सभी राजनीतिक दल जोर-शोर से विधानसभा चुनाव की तैयारी कर रहे हैं। सियासी गठबंधनों में शामिल घटक दलों के बीच सीटों के बंटवारे और उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। इसी पृष्ठभूमि में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के अध्यक्ष राज ठाकरे ने रविवार को एकला चलो रणनीति अपनाते हुए अपने दम पर अकेले चुनाव लड़ने का ऐलान किया है।
इस दौरान मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे द्वारा अपने भाषणों में बार बार बाघ नख का जिक्र किए जाने पर उद्धव पर कटाक्ष किया तो वहीं मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को 'पुष्पा' कहते हुए तंज कसा।
यह भी पढ़ें:- सीएम फेस को लेकर उद्धव ठाकरे का बड़ा बयान, महायुति को चैलेंज देते हुए बताया कब करेंगे ऐलान
मुंबई के गोरेगांव में मनसे के कार्यकर्ताओं की बैठक में राज ठाकरे ने कई विषयों को अपनी खास शैली में उठाते हुए सत्तारूढ़ महायुति और विपक्षी गठबंधन महाविकास आघाड़ी पर जोरदार हमला बोला। शनिवार को दशहरा सम्मेलन के दौरान दिए गए उद्धव और सीएम के भाषणों को माध्यम बनाकर राज ने कहा कि उद्धव ठाकरे इतिहास से बाहर निकलते ही नहीं हैं।
राज ठाकरे ने उद्धव ठाकरे पर हमला करते हुए कहा कि वे बार-बार बाघनख का जिक्र करते। यहां से अब्दाली आया। वहां से अफजल खान, और शाइस्ता खान आया। इसी तरह राज ने नकल करते हुए सीएम एकनाथ शिंदे को 'पुष्पा' कह दिया। उन्होंने कहा पुष्पा अपने आप में ही मगन है।
यह भी पढ़ें:- बाबा सिद्दीकी हत्याकांड: गुरमेल को 7 दिन की रिमांड, धर्मराज का ऑसिफिकेशन टेस्ट कराने के निर्देश
राज ठाकरे ने महाराष्ट्र में जोड़-तोड़ की राजनीति को लेकर बीजेपी के साथ-साथ राकां नेता शरद पवार पर भी जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि अजित पवार अब गुलाबी जैकेट पहनकर घूम रहे हैं। अजित के बीजेपी में शामिल होने से आठ दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने भाषण में उन पर 70 हजार करोड़ रुपए के सिंचाई घोटाले का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा कि उन्हें जेल में डालेंगे। लेकिन बाद में बीजेपी ने अजित को अपना लिया और उपमुख्यमंत्री बना दिया।
राज ठाकरे ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि बीजेपी ऐसा कैसे कर सकती है, समझ से परे है। राज ने आगे कहा कि शरद पवार कहते हैं कि मेरी पार्टी तोड़ ली, तो फिर आपने अपने राजनीतिक जीवन में क्या किया? 1978 में कांग्रेस को तोड़ा, 1991 में शिवसेना को तोड़ा, नारायण राणे को लिया, अब आप ऐसी बातें क्यों कर रहे हैं?