Lonavala Landslide Train Update: मुंबई, कोंकण और पुणे क्षेत्र में पिछले चार से पांच दिनों से जारी भारी बारिश का असर अब रेल यातायात पर भी दिखाई देने लगा है। लोनावला घाट क्षेत्र में कई स्थानों पर भूस्खलन होने के बाद रेलवे ट्रैक की मरम्मत और सुरक्षा कार्य तेज़ी से जारी है। इसी को देखते हुए मध्य रेलवे ने 10 जुलाई से 17 जुलाई, 2026 तक मुंबई-पुणे रेल मार्ग पर चलने वाली कई नियमित और स्पेशल ट्रेनों को अस्थायी रूप से रद्द करने का निर्णय लिया है।
रद्द की गई ट्रेनों में डेक्कन क्वीन, डेक्कन एक्सप्रेस, पुणे-सीएसएमटी इंटरसिटी, सीएसएमटी-हैदराबाद एक्सप्रेस, हुबली-दादर एक्सप्रेस, दौंड-इंदौर एक्सप्रेस और चेन्नई एग्मोर सुपरफास्ट मेल जैसी प्रमुख ट्रेनें शामिल हैं। इसके अलावा अलग-अलग तारीखों पर महालक्ष्मी एक्सप्रेस, दादर-सातारा एक्सप्रेस और दादर-साईनगर शिरडी एक्सप्रेस भी रद्द की गई हैं।
मध्य रेलवे के अनुसार सीएसएमटी-गोरखपुर, पुणे-गोरखपुर, पुणे-गाजीपुर सिटी तथा पुणे-हजरत निजामुद्दीन स्पेशल ट्रेनों का संचालन भी निर्धारित तिथियों पर रद्द रहेगा। इससे लंबी दूरी के यात्रियों को अपनी यात्रा योजनाओं में बदलाव करना पड़ सकता है।
यह भी पढ़ें:- मुंबई में नकली दूध रैकेट का भंडाफोड़: अमूल-गोकुल के पैकेटों में पानी मिलाकर बेचता था आरोपी गिरफ्तार
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि लोनावला घाट क्षेत्र में भूस्खलन के बाद प्रभावित ट्रैक की मरम्मत और सुरक्षा संबंधी कार्य युद्धस्तर पर किए जा रहे हैं। यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं ताकि रेल संचालन जल्द सामान्य हो सके।
मध्य रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले रेलवे हेल्पलाइन, आधिकारिक वेबसाइट, मोबाइल ऐप या पूछताछ केंद्र के माध्यम से अपनी ट्रेन की स्थिति की पुष्टि अवश्य कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।