मुंबई में नकली दूध रैकेट का भंडाफोड़: अमूल-गोकुल के पैकेटों में पानी मिलाकर बेचता था आरोपी गिरफ्तार

Mumbai Crime Branch: मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच यूनिट-12 ने दहिसर में अमूल और गोकुल ब्रांड के दूध में मिलावट करने वाले रैकेट का भंडाफोड़ किया। आरोपी लिंगय्या घंटा को गिरफ्तार किया गया।
Mumbai Crime Branch busts an adulterated milk racket in Dahisar. Accused Lingayya Ghanta arrested red-handed for mixing unsafe water in Amul & Gokul packets.
दूध मिलावट, आरोपी गिरफ्तार (सोर्सः फाइल फोटो-सोशल मीडिया)
Updated on

Mumbai  Dahisar Milk Adulteration: मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच यूनिट-12 ने दहिसर पूर्व इलाके में मिलावटी दूध के एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक आरोपी को अमूल और गोकुल जैसे नामी ब्रांडों के दूध के पैकेटों में मिलावट करते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी ब्रांडेड दूध के पैकेटों में दूषित पानी मिलाकर उन्हें दोबारा सील कर बाजार में असली बताकर बेच रहा था।

गुप्त सूचना पर की गई छापेमारी

क्राइम ब्रांच की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर दहिसर पूर्व स्थित राजेश कंपाउंड की दुबे चॉल में छापा मारा। छापेमारी के दौरान आरोपी लिंगय्या घंटा (42) को मौके पर ही दूध के पैकेटों में मिलावट करते हुए पकड़ा गया।

ऐसे करता था मिलावट का खेल

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी अमूल गोल्ड, अमूल ताजा और गोकुल जैसे ब्रांडेड दूध के पैकेटों को कैंची से सावधानीपूर्वक काटता था। इसके बाद उनमें दूषित पानी मिलाकर मोमबत्ती और स्टोव पिन की मदद से पैकेटों को दोबारा सील कर देता था। बाद में इन पैकेटों को असली बताकर बाजार में बेचा जाता था।

लोगों की सेहत से हो रहा था खिलवाड़

पुलिस के अनुसार मिलावटी दूध की बिक्री से आम नागरिकों, विशेषकर बच्चों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा पैदा हो सकता था। ब्रांडेड पैकेट होने के कारण उपभोक्ताओं को मिलावट का आसानी से पता नहीं चल पाता था, जिससे यह अवैध कारोबार लंबे समय तक चलने की आशंका थी।

पुलिस कर रही है आगे की जांच

मुंबई क्राइम ब्रांच ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस मिलावटखोरी के नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, कितने समय से यह कारोबार चल रहा था तथा मिलावटी दूध की आपूर्ति किन-किन क्षेत्रों में की जा रही थी। अधिकारियों का कहना है कि खाद्य सुरक्षा से जुड़े ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Navbharat Live
navbharatlive.com