Praful Patel Statement: महाराष्ट्र की राजनीति में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के नेतृत्व को लेकर चल रही अफवाहों पर अब पूर्णविराम लग गया है। एनसीपी सांसद प्रफुल पटेल ने रविवार, 1 फरवरी 2026 को उन सभी मीडिया रिपोर्टों को सिरे से खारिज कर दिया, जिनमें दावा किया जा रहा था कि उन्हें पार्टी का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। प्रफुल पटेल ने इन खबरों को पूरी तरह से 'निराधार' और 'तथ्यहीन' करार दिया है।
दरअसल, यह पूरा विवाद केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल के उस इंटरव्यू के बाद शुरू हुआ, जो उन्होंने समाचार एजेंसी पीटीआई (PTI) को दिया था। गोयल ने दावा किया था कि प्रफुल पटेल को एनसीपी का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त कर दिया गया है। इस खबर के वायरल होते ही प्रफुल पटेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' (पूर्व में ट्विटर) पर स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने लिखा कि मैंने अपनी नियुक्ति के संबंध में मीडिया में चल रही कुछ रिपोर्टों पर ध्यान दिया है। मैं पूरी स्पष्टता के साथ कहना चाहता हूं कि ये रिपोर्ट पूरी तरह निराधार हैं और इनमें कोई सच्चाई नहीं है।
प्रफुल पटेल ने आगे स्पष्ट किया कि एनसीपी एक राष्ट्रीय पार्टी है और यहाँ किसी भी बड़े पद पर नियुक्ति की एक स्थापित और लोकतांत्रिक प्रक्रिया होती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पद का निर्णय वरिष्ठ नेतृत्व, विधायकों और समर्पित पार्टी पदाधिकारियों के साथ गहन परामर्श और संवाद के बाद ही लिया जाता है।
प्रफुल पटेल की कथित नियुक्ति की खबरों के बीच महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के प्रमुख राज ठाकरे ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया दी। राज ठाकरे ने मराठी अस्मिता का मुद्दा उठाते हुए कहा कि महाराष्ट्र की राजनीति पिछले कुछ समय में बेहद 'अजीब' हो गई है। उन्होंने फेसबुक और 'X' पर पोस्ट करते हुए लिखा कि एनसीपी जैसी पार्टी, जिसकी जड़ें मराठी मिट्टी में हैं, उसका अध्यक्ष कोई 'शुद्ध मराठी' चेहरा होना चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, "वह कोई पाटिल हो सकते हैं, लेकिन पटेल नहीं।
यह भी पढ़ें:- Budget 2026: मुंबई-पुणे-हैदराबाद के बीच दौड़ेगी हाई-स्पीड ट्रेन, महाराष्ट्र के लिए बजट में हुई ये बड़ी घोषणाएं
गौरतलब है कि बारामती में हुए एक दुखद विमान हादसे में उपमुख्यमंत्री और एनसीपी अध्यक्ष अजित पवार के असामयिक निधन के बाद से पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का पद खाली है। पार्टी फिलहाल शोक के दौर से गुजर रही है और उत्तराधिकारी के नाम पर अभी फैसला होना बाकी है। इस बीच, शनिवार को अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार ने महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली है। उन्हें आबकारी, खेल और अल्पसंख्यक विकास जैसे विभाग आवंटित किए गए हैं, हालांकि वित्त और योजना विभाग फिलहाल उनके पास नहीं है। मुंबई के लोक भवन में हुए संक्षिप्त शपथ ग्रहण समारोह के बाद अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि एनसीपी की कमान वास्तव में किसके हाथ में जाएगी।