Omraje Nimbalkar Sanjay Jadhav Minister Post: महाराष्ट्र की महायुति सरकार और विपक्षी महाविकास आघाड़ी (MVA) के बीच जारी शह और मात के खेल में एक बेहद सनसनीखेज मोड़ आ गया है। शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के 6 लोकसभा सांसदों की बगावत अब पूरी तरह से अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। राजनीतिक गलियारों और उच्च पदस्थ सूत्रों से मिल रही खबरों के मुताबिक, इस ऐतिहासिक राजनीतिक पाला-बदल के पीछे एक बड़ा सत्ता समझौता हुआ है। इसके तहत बगावत का नेतृत्व करने वाले दो दिग्गज सांसदों, परभणी से सांसद संजय जाधव और धाराशिव से सांसद ओमराजे निंबालकर की किस्मत चमकने वाली है और उन्हें केंद्र सरकार में मंत्री पद से नवाजा जाएगा।
ठाकरे गुट को यह करारा झटका देने के बाद सभी 6 बागी सांसद दिल्ली से सीधे मुंबई लौट आए हैं और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के आधिकारिक आवास 'नंदनवन' में प्रवेश कर चुके हैं। शिंदे गुट की तरफ से अभी इस खबर का औपचारिक ऐलान नहीं किया गया है।
'ऑपरेशन टाइगर' के तहत हुई इस बड़ी टूट को लेकर सूत्रों ने बेहद चौंकाने वाला खुलासा किया है। जानकारी के अनुसार, एकनाथ शिंदे की शिवसेना में शामिल होने के बाद इन बागी सांसदों को सत्ता में बड़ी हिस्सेदारी दी जा रही है। तय फॉर्मूले के मुताबिक, सांसद संजय जाधव और सांसद ओमराजे निंबालकर को केंद्र की एनडीए (NDA) सरकार में शिवसेना के कोटे से डेढ़-डेढ़ साल के लिए मंत्री पद सौंपा जाएगा। इस रोटेशन फॉर्मूले पर दोनों पक्षों के बीच सहमति बन चुकी है और 'नंदनवन' में चल रही मौजूदा बैठक के तुरंत बाद इसका आधिकारिक ऐलान कर दिया जाएगा।
ये भी पढ़ें- उद्धव ठाकरे ने बुलाई विधायकों की बैठक, 3 विधायक अनुपस्थित, ऑपरेशन टाइगर के अगले चरण की सुगबुगाहट
पिछले कई दिनों से दिल्ली और अज्ञात स्थानों पर मौजूद रहे ये सभी 6 सांसद आज (सोमवार) दोपहर विशेष विमान से मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरे। सुरक्षा कारणों और संभावित विरोध प्रदर्शनों को देखते हुए हवाई अड्डे पर सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम किए गए थे। भारी पुलिस बंदोबस्त और सशस्त्र कमांडो के घेरे में इन सांसदों को एयरपोर्ट से सीधे उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के आवास पर ले जाया गया, जहां वे शिवसेना (शिंदे गुट) की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण करेंगे।
जैसे ही बागी सांसदों के मुंबई पहुंचने की तस्वीरें सामने आईं, शिवसेना यूबीटी के फायरब्रांड नेता और मुख्य प्रवक्ता संजय राउत ने इन सांसदों पर सीधा और बेहद तीखा हमला बोला। राउत ने मीडिया से बात करते हुए कहा, "पार्टी और गद्दारी का यह खेल पूरे देश ने देख लिया है। ये जो 50-50 करोड़ रुपये में बिके हुए खोकेबाज सांसद आज मुंबई हवाई अड्डे पर उतरे हैं, उनके चेहरों को ध्यान से देखिए। सशस्त्र पुलिस सुरक्षा के घेरे में बाहर आते वक्त भी उनके चेहरों पर गद्दारी का डर और खौफ साफ नजर आ रहा था। जनता इन्हें कभी माफ नहीं करेगी।" राउत के इस आक्रामक बयान ने साफ कर दिया है कि आगामी दिनों में दोनों गुटों के बीच जमीनी स्तर पर भी टकराव बढ़ सकता है।