Navi Mumbai Uran Warehouse Fire Video: महाराष्ट्र के नवी मुंबई स्थित उरण इलाके से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। शनिवार को उरण के गाव्हाण फाटा स्थित एक विशाल कार्गो हैंडलिंग वेयरहाउस (गोदाम) में भीषण आग लग गई। यह इलाका देश के सबसे बड़े कंटेनर पोर्ट, जवाहरलाल नेहरू पोर्ट अथॉरिटी (JNPA) के बेहद करीब स्थित है, जिस कारण प्रशासन और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार, आग दोपहर के समय लगी और देखते ही देखते इसने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। आसमान में काले धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर से देखा जा सकता था। घटना की सूचना मिलते ही JNPA फायर सर्विस और सिडको (CIDCO) की दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। वेयरहाउस में रखे कार्गो और ज्वलनशील सामान के कारण आग बुझाने में दमकलकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।
राहत की बात यह है कि इस घटना में अब तक किसी भी जनहानि की खबर नहीं है। प्रशासन के अनुसार, आग लगते ही परिसर को खाली करा लिया गया था। हालांकि, गोदाम में रखा करोड़ों रुपये का सामान जलकर खाक होने की आशंका जताई जा रही है। वेयरहाउस में किस तरह का सामान रखा था, इसकी विस्तृत जानकारी अभी नहीं मिल पाई है।
यह भी पढ़ें:- पुणे एयरपोर्ट फिर से हुआ शुरू, रनवे पर वायुसेना के फाइटर जेट में आई थी खराबी, 73 उड़ानें रद्द
शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, लेकिन आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही की जाएगी। स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग इस बात की जांच कर रहे हैं कि क्या गोदाम में सुरक्षा मानकों और फायर ऑडिट का पालन किया गया था या नहीं।
JNPA पोर्ट के पास होने के कारण यह इलाका लॉजिस्टिक्स का बड़ा केंद्र है, ऐसे में इस तरह की आग की घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़ा करती हैं। फिलहाल, दमकल विभाग की प्राथमिकता आग को पूरी तरह से ठंडा करने (Cooling process) की है ताकि यह आस-पास के अन्य गोदामों तक न फैले।