CIDCO Budget: नवी मुंबई बनेगी ग्लोबल हब, सिडको ने पेश किया 16250 करोड़ का बजट, मेट्रो-एयरपोर्ट के लिए हुए ऐलान

CIDCO Budget 2026-27: सिडको ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए ₹16,250 करोड़ का बजट पेश किया है। इसमें नवी मुंबई एयरपोर्ट, नई मेट्रो लाइनों और ठाणे-एयरपोर्ट एलिवेटेड कॉरिडोर पर विशेष जोर दिया गया है।
CIDCO Budget 2026-27
CIDCO बजट 2026-27 (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Navi Mumbai CIDCO New Projects: सिडको ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 16,250 करोड़ का बजट पेश किया है। इस बजट में नवी मुंबई और उसके आस-पास इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार, क्षेत्रीय कनेक्टिविटी और आवास विकास पर लगातार फोकस बनाए रखने की रूपरेखा तैयार की गई है। वित्त वर्ष 2025-26 की समीक्षा करते हुए, सिडको ने 9,774.23 करोड़ की संशोधित प्राप्तियों और 9,770.26 करोड़ के खर्च की जानकारी दी। इसके परिणामस्वरूप 3.97 करोड़ का अधिशेष प्राप्त हुआ, जो प्रमुख विकास परियोजनाओं को पूरा करते समय अपनाए गए विवेकपूर्ण वित्तीय प्रबंधन को दर्शाता है। वित्त वर्ष 2026-27 के लिए, सिडको ने 16,250 करोड़ की प्राप्तियों और 16,150 करोड़ के खर्च का अनुमान लगाया है, जिसमें 100 करोड़ के अधिशेष की उम्मीद है।

नवी मुंबई एयरपोर्ट बड़ी उपलब्धि

इस वर्ष की एक प्रमुख उपलब्धि नवी मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे का परिचालन शुरू होना रही है। अभी यह एयरपोर्ट रोजाना 76 शहरों के लिए लगभग 150 हवाई उड़ानों को संभाल रहा है और यहां रोजाना लगभग 19,000 यात्री आते-जाते हैं। उम्मीद है कि अप्रैल 2026 के आखिर से अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू होने के बाद इस एयरपोर्ट का और भी ज्यादा विकास होगा। पहले चरण में इस एयरपोर्ट की क्षमता सालाना 2 करोड़ यात्रियों और 5 लाख टन कागों को संभालने की है। इसके लिए यहां 3,700 मीटर लंबा रनवे बनाया गया है, जिस पर बड़े आकार के विमान भी उतर सकते हैं। भविष्य में होने वाले विस्तार में टर्मिनल-2, एक सेंट्रल टर्मिनल - कॉम्प्लेक्स, कई तरह के परिवहन साधन और एक जनरल एविएशन टर्मिनल शामिल होंगे। इसके अलावा, यहां वॉटर - टैक्सी कनेक्टिविटी और एक फीडएक्स कार्गो हब बनाने की भी योजना है।

CIDCO Budget: मुख्य इंफ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी प्रोजेक्ट

मेट्रो लाइन 8: छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट को नवी मुंबई हवाई अड्डे से जोड़ने वाले 34.89 किलोमीटर लंबे मेट्रो लाइन 8 कॉरिडोर में 20 स्टेशन होंगे। सिडको को उम्मीद है कि 2031 तक यह कॉरिडोर रोजाना लगभग 9.8 लाख यात्रियों को सेवा प्रदान करेगा।

CIDCO Budget 2026-27
CIDCO Budget 2026-27

नवी मुंबई मेट्रो का विस्तार

सिडको ने मेट्रो लाइन 1A (बेलापुर-नवी मुंबई हवाई अड्डे तक, 3.2 किलोमीटर) और मेट्रो लाइन 2 (पेंढार-नवी मुंबई एयरपोर्ट टर्मिनल-4, 15 किमी) के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार कर ली है। इसका मकसद एयरपोर्ट को नवी मुंबई मेट्रो नेटवर्क से जोड़ना है।

ठाणे-नवी मुंबई एयरपोर्ट एलिवेटेड कॉरिडोर

सिडको, पीपीपी मॉडल के तहत ठाणे और नवी मुंबई एयरपोर्ट के बीच 25.3 किलोमीटर लंबा छह-लेन वाला एलिवेटेड कॉरिडोर बना रहा है। इस प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत 6,521 करोड़ है। इस कॉरिडोर के बनने से यात्रा का समय लगभग 90 मिनट से घटकर लगभग 30 मिनट रह जाएगा। खारघर वैली गोल्फ कोर्स को 9-होल वाले लेआउट से अपग्रेड करके, इंटरनेशनल स्टैंडर्ड का 18-होल वाला चैंपियनशिप कोर्स बना दिया गया है। यहां 'प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया' सिडको ओपन 2025 का आयोजन किया गया था। सिडको नवी मुंबई में एक 'यूनिटी मॉल' बना रहा है। इसका मकसद एक जिला एक उत्पाद पहल को बढ़ावा देना है।

सिडको के उपाध्यक्ष और प्रबंध निदेशक विजय सिंघल ने बताया कि वित्त वर्ष 2026-27 के लिए सिडको के बजट में इंफ्रास्ट्रक्चर, कनेक्टिविटी और गुणवतापूर्ण आवास के प्रति प्रतिबद्धता दिखाई है। नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, एयरोसिटी का विकास, और नियोजित एज्युसिटी व मेडिसिटी: साथ ही मेट्रो लाइन 8 और लाइन 2 के माध्यम से बेहतर कनेक्टिविटी, और प्रस्तावित अंतर्राष्ट्रीय कॉर्पोरेट पार्क व कई अन्य विकास पहलों के चलते, नवी मुंबई एक प्रमुख आर्थिक और निवेश केंद्र के रूप में उभरने के लिए पूरी तरह तैयारी दिखाई है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com