इंदौर को पछाड़कर नवी मुंबई देश का सबसे स्वच्छ शहर बना।
4,751 शहरों में पहला स्थान, 7-स्टार कचरा-मुक्त दर्जा बरकरार।
बेहतर कचरा प्रबंधन और डिजिटल निगरानी बनी सफलता की वजह।
India Cleanest City Ranking 2026: देश के स्वच्छता सर्वेक्षण में इस बार बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। लगातार आठ वर्षों तक देश के सबसे स्वच्छ शहर का खिताब अपने नाम करने वाले एमपी के इंदौर को पीछे छोड़ते हुए महाराष्ट्र के नवी मुंबई ने बाजी मार ली है। केंद्र सरकार की ओर से जारी स्वच्छता सर्वेक्षण के नतीजों में नवी मुंबई को देश का सबसे स्वच्छ शहर घोषित किया गया है। वहीं, गुजरात का सूरत दूसरे और आंध्र प्रदेश का विजयवाड़ा तीसरे स्थान पर रहा।
केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा 'स्वच्छ भारत मिशन (शहरी)' के तहत आयोजित 'स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26' के नतीजों की घोषणा की गई। दिल्ली में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने विजेता शहरों को सम्मानित किया।
इस अवसर पर मंच पर केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर, राज्य मंत्री तोखन साहू, मंत्रालय के सचिव सत्येंद्र सिंह, नवी मुंबई के उपमहापौर दशरथ भगत, नवी मुंबई मनपा के डॉ. कैलाश शिंदे तथा शहर अभियंता शिरीष आरदवाड उपस्थित थे। देश के 4,751 शहरों को साफ-सफाई में पछाड़ते हुए नवी मुंबई ने यह उपलब्धि हासिल की है।
नवी मुंबई ने अपनी इस ऐतिहासिक जीत के साथ 7-स्टार कचरा-मुक्त शहर का दर्जा बरकरार रखा है। वॉटर प्लस सर्टिफिकेशन हासिल कायम रखा है और 'सुपर स्वच्छ लीग' में अपनी जगह मजबूत की है। मनपा आयुक्त डॉ. कैलाश शिंदे के अनुसार राष्ट्रीय स्तर पर नवी मुंबई के वेस्ट मैनेजमेंट मॉडल और हाई-टेक अप्रोच की सराहना की गई है।
इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर: कचरा उठाने वाली गाड़ियों की जीपीएस ट्रैकिंग और डोर-टू-डोर कलेक्शन की 24×7 डिजिटल निगरानी।
देश का पहला टेक्सटाइल वेस्ट प्लांट: पुराने कपड़ों और कपड़ा कचरे पर रीसाइक्लिंग प्रक्रिया चलाने वाला देश का पहला केंद्र नवी मुंबई में सफलतापूर्वक संचालित है।
वॉटर रीसायकल एंड रीयूज: सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के जरिए प्रयुक्त जल को रीसायकल कर औद्योगिक व बागवानी कार्यों में इस्तेमाल करना।
डिजिटल शिकायत निवारण: माई एनएमएमसी एप और सिटीजन ग्रीवेंस पोर्टल के माध्यम से नागरिकों की सफाई संबंधी शिकायतों का त्वरित समाधान।
प्लास्टिक बैन व जन-भागीदारी: सिंगल-यूज प्लास्टिक पर सख्त कार्रवाई और युवाओं-छात्रों को जोड़कर लगातार चलाए गए स्वच्छता अभियान।
उल्लेखनीय है कि देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के पड़ोस में 21 वीं सदी के शहर के रूप में आकर लेने वाली नवी मुंबई को स्वच्छता, कचरा प्रबंधन और सफाई व्यवस्था के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करते हुए देशभर में पहला स्थान मिला है। शहर की मेयर सुजाता पाटिल ने कहा कि
नवी मुंबई के हर नागरिक के लिए यह बेहद गर्व और खुशी का पल है। शहर की प्रथम नागरिक के रूप में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किया सम्मानित। के हाथों यह सम्मान पाना मेरा सौभाग्य है। मैं यह राष्ट्रीय पुरस्कार अपने सभी नवी मुंबई वासियों, दिन-रात पसीना बहाने वाले स्वच्छता मित्रों और स्वच्छता सखियों को समर्पित करती हूं।
सर्वेक्षण में शहरों को उनकी आबादी के आधार पर अलग-अलग श्रेणियों में बांटा गया था। 3 से 10 लाख की आबादी वाले शहरों में मध्य प्रदेश के उज्जैन ने पहला स्थान हासिल किया। चंडीगढ़ दूसरे और आंध्र प्रदेश का गुंटूर तीसरे स्थान पर रहा। वहीं, 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में ग्रेटर विशाखापत्तनम को सबसे स्वच्छ शहर चुना गया। मध्य प्रदेश का जबलपुर दूसरे और उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ तीसरे स्थान पर रही।
नदी किनारे बसे शहरों की श्रेणी में मध्य प्रदेश के रीवा ने पहला स्थान हासिल किया। छत्तीसगढ़ का बिलासपुर दूसरे और उत्तर प्रदेश का वाराणसी तीसरे स्थान पर रहा। समुद्र किनारे बसे शहरों में ओडिशा के पुरी को सबसे स्वच्छ शहर घोषित किया गया। केरल का अलप्पुझा दूसरे और महाराष्ट्र का रत्नागिरी तीसरे स्थान पर रहा। वहीं, हिमालयी शहरों की श्रेणी में उत्तराखंड के रुद्रपुर ने पहला और जम्मू ने दूसरा स्थान हासिल किया।
केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से हर साल स्वच्छता सर्वेक्षण कराया जाता है। इसका उद्देश्य देश के शहरों में साफ-सफाई, ठोस कचरा प्रबंधन, कचरे के निस्तारण और स्वच्छता से जुड़ी व्यवस्थाओं का आकलन करना है। विभिन्न मानकों पर शहरों के प्रदर्शन के आधार पर रैंकिंग तय की जाती है।