Highlights:
मुंबई के विधान भवन मेट्रो स्टेशन पर 29 अक्टूबर को 62 वर्षीय जोआन परेरा रैंप पर फिसलकर गिर गईं।
हादसे में महिला के हाथ, अंगूठे और होंठ पर चोट आई, जबकि कंधे और गाल में भी दर्द हुआ।
महिला लिफ्ट से बाहर निकलने के बाद व्हीलचेयर सुविधा के लिए बनाए गए रैंप से गुजर रही थीं।
Mumbai Metro Accident: मेट्रो स्टेशनों पर वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग यात्रियों की सुविधा के लिए बनाए गए रैंप की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। विधान भवन मेट्रो स्टेशन से बाहर निकलते समय 62 वर्षीय महिला जोआन परेरा रैंप पर फिसलकर मुंह के बल गिर गईं।सूत्रों के मुताबिक हादसे में उन्हें हाथ, अंगूठे और होंठ पर चोट आई, जबकि कंधे और गाल में भी दर्द हुआ।
यह घटना 29 अक्टूबर की बताई जा रही है। जोआन परेरा स्टेशन से बाहर निकलने के लिए लिफ्ट का इस्तेमाल कर रही थीं। लिफ्ट से बाहर आने के बाद वह व्हीलचेयर की सुविधा के लिए बनाए गए रैंप की ओर बढ़ीं। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह अपना संतुलन नहीं संभाल सकीं।
महिला के मुताबिक, रैंप पर आगे बढ़ते समय उन्हें न तो सीढ़ियों जैसी किसी बाधा का अंदाजा हुआ और न ही ढलान में बदलाव का स्पष्ट संकेत दिखाई दिया। इसी वजह से वह सतर्क नहीं हो पाईं और सीधे चेहरे के बल गिर पड़ीं। हादसे के बाद परेरा ने मेट्रो स्टेशनों पर बनाए गए रैंप की उपयोगिता और सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।
उनका कहना है कि इन सुविधाओं का इस्तेमाल विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिक, दिव्यांग और चलने-फिरने में परेशानी महसूस करने वाले यात्री करते हैं। ऐसे में रैंप की बनावट ऐसी होनी चाहिए, जिससे किसी भी यात्री को ढलान या सतह में बदलाव का आसानी से पता चल सके।
इस घटना पर मुंबई मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (एमएमआरसी) ने सफाई देते हुए बताया कि विधान भवन स्टेशन पर लिफ्ट से जुड़े सभी पांच रैंप क्षेत्रों का सिविल टीम ने निरीक्षण किया है।
निरीक्षण के दौरान फर्श, हैंडरेल और ढलान को स्वीकृत सुरक्षा मानकों के अनुरूप पाया गया। हालांकि, हादसे के बाद यात्रियों की सुरक्षा के लिए रैंप पर बेहतर संकेतक और अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत पर चर्चा शुरू हो गई है।