Women Govindas Show Strength On Dahi Handi: 'गोविंदा आला रे' की धुन के साथ मुंबई, ठाणे और एमएमआर में दही हंडी की धूम मची हुई है। शनिवार की दोपहर बाद शहर की गलियां ढोल-ताशों, डीजे की धुन और 'गोविंदा आला रे' के जयघोष से गूंज उठीं।
जगह-जगह सजी ऊंची दही हांडियों को फोड़ने के लिए गोविंदा पथकों ने एक के बाद एक मानव पिरामिड बनाकर अपनी ताकत, संतुलन और टीमवर्क का प्रदर्शन कर रहे हैं।
इस बार भी दही हांडी उत्सव का सबसे आकर्षक पहलू महिला गोविंदाओं का बढ़ता जोश दिखाई दे रहा है। कई महिला पथकों ने पुरुष टीमों को टक्कर देते हुए मानव पिरामिड रचने का साहस दिखाया। दादर,ठाणे में महिला गोविंदा में 5 से 6 थर लगा कर सलामी देती नजर आईं। ऊंचाई पर चढ़ती महिला गोविंदाओं को देखकर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं। महिला सहभागिता ने पारंपरिक दही हांडी उत्सव को एक नया आयाम दिया।
मुंबई, ठाणे और एमएमआर के बड़े आयोजनों में लाखों रुपये के इनाम घोषित किए गए। इनामी राशि और प्रतिष्ठित हांडियां फोड़ने की होड़ ने गोविंदा पथकों में जबरदस्त प्रतिस्पर्धा है। मुम्बई ठाणे में 1 लाख से लेकर 21 लाख तक के ईनाम घोषित किए गए हैं। देर शाम तक फूटने वाली प्रतिष्ठित दही हंडियों के इनाम पर गोविंदाओं की नजर लगी हुई है।
उत्सव का उल्लास में नेताओं और अभिनेता भी पीछे नहीं हैं। मुंबई, ठाणे, नवी मुंबई और आसपास के इलाकों में जगह-जगह आयोजित दही हांडी कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री उपमुख्यमंत्री से लेकर बड़े अभिनेता,अभिनेत्रियों के जमावड़ा नजर आ रहा है। सुरक्षा के मद्देनजर आयोजकों और प्रशासन की ओर से भी विशेष इंतजाम किए गए।
दही हांडी के राजनीतिक और फिल्मी रंग ने भी उत्सव की चमक बढ़ा दी। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे समेत कई राजनीतिक नेताओं ने मुंबई, ठाणे और एमएमआर क्षेत्र में आयोजित विभिन्न दही हांडी कार्यक्रमों में पहुंचकर गोविंदा पथकों का उत्साह बढ़ा रहे हैं।
दही हांडी उत्सव के माध्यम से विभिन्न राजनीतिक दल व नेता शक्ति प्रदर्शन भी कर रहे हैं। मुंबई, ठाणे, नवी मुंबई में बीजेपी एवं शिवसेना के नेताओं विधायकों का असर दही हांडी उत्सव पर दिखाई दे रहा है। ठाणे में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे,परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक,विधायक रविन्द्र फाटक,बीजेपी के उपमहापौर कृष्णा पाटिल आदि नेताओं के दही हांडी उत्सव में बड़े पैमाने पर भीड़ नजर आई।
इन नेताओं की मौजूदगी में कार्यकर्ताओं और समर्थकों का जोश भी बढ़ा हुआ है। वहीं, मराठी और हिंदी फिल्म जगत से जुड़े अभिनेता-अभिनेत्रियों की मौजूदगी ने भी कई आयोजनों में भीड़ को आकर्षित किया। मंच पर कलाकारों की प्रस्तुतियों और लोकप्रिय गीतों ने उत्सव के माहौल को और रंगीन बना दिया।
शहर के विभिन्न इलाकों में आयोजित भव्य कार्यक्रमों में गोविंदा पथकों ने ऊंची हांडियों को फोड़ने के लिए मानव पिरामिड बनाकर दमखम दिखा रहे हैं। मुंबई में राजयोग प्रतिष्ठान की दही हांडी वरली स्थित सदानंद होटल के सामने आयोजित हुई। परिवर्तन दही हांडी का आयोजन जांबोरी मैदान, वरली में किया गया है।
नायगांव, दादर पूर्व में अपना बाजार के सामने कै. सदाकांत धवन मैदान, जबकि घाटकोपर पश्चिम में एलबीएस मार्ग स्थित श्रेयस सिग्नल नाका पर भी दही हांडी उत्सव ने रंग जमाया। दहीसर पूर्व के अशोकवन, बोरीवली पूर्व के देवीपाड़ा मैदान और बोरीवली पश्चिम में मोक्ष प्लाजा के सामने जांभली गली में भी गोविंदाओं का उत्साह देखते ही बना।
ठाणे में विधायक रविन्द्र फाटक के संकल्प प्रतिष्ठान ने रघुनाथनगर के संकल्प चौक पर दही हांडी का आयोजन किया। स्व.आनंद दिघे द्वारा शुरू की गई टेंभीनाका मित्र मंडल की दही हांडी टेंभी नाका पर उत्साह चरम पर है। जबकि शारदा संकल्प प्रतिष्ठान की दही हांडी स्व. मीनाताई ठाकरे चौक, कैसल मिल नाका पर आयोजित हुई है।
भिवंडी के छत्रपति शिवाजी महाराज चौक, वर्तकनगर स्थित मनपा स्कूल क्रमांक 44 के मैदान पर परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक की दही हंडी में सुबह से ही गोविंदा के जमावड़ा लगा है, हिरानंदानी मीडोज तथा मानपाड़ा के नेताजी सुभाषचंद्र बोस चौक पर भी दही हांडी का भव्य आयोजन शुरू है। इन उत्सवों में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस समेत कई राजनीतिक नेताओं और फिल्मी कलाकारों को न्योता देकर गोविंदा पथकों का उत्साह बढ़ाया गया है।
दही हांडी के उत्सव में हर बार राजनीति और बॉलीवुड का तड़का भी खूब देखने को मिलता है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे समेत कई नेताओं ने विभिन्न दही हांडी मंडलों में पहुंचकर गोविंदाओं का हौसला बढ़ाते नजर आए। संजय दत्त,सुनील शेट्टी,जैकी श्रॉफ जैसे बड़े अभिनेता विभिन्न मंडलों में पहुंच कर गोविंदा का उत्साह बढ़ाते नजर आए।
इन फिल्मी सितारों की मौजूदगी ने गीत-संगीत और मनोरंजन कार्यक्रमों ने युवाओं और दर्शकों में उत्साह कई गुना बढ़ा दिया है। कुल मिलाकर मुंबई एमएमआर की सड़कों पर गोविंदा का महासंग्राम नजर आ रहा है।
मुंबई और उपनगरों में दही हांडी उत्सव के दौरान 22 गोविंदा घायल हुए। दही हांडी में गोविंदा कई मंजिल वाली मानव पिरामिड बनाकर हवा में लटकी दही हांडी फोड़ते हैं। नगर निकाय के अनुसार घायल 22 लोगों में से 21 को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
मुंबई शहर में 20 गोविंदा घायल हुए और सभी को उपचार के बाद छुट्टी मिल गई। पूर्वी उपनगर में घायल एक गोविंदा को भी उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि पश्चिमी उपनगर में घायल एक गोविंदा का इलाज जारी है।