26/11 के बाद सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हुई, लेकिन भीड़भाड़ वाले स्टेशनों पर चुनौतियां बरकरार।
मध्य रेलवे के 80 संवेदनशील स्थानों पर 3,800 से ज्यादा CCTV कैमरे लगाए गए।
पश्चिम रेलवे के 31 स्टेशनों पर 2,770 कैमरों से निगरानी।
ठाणे और कल्याण जैसे व्यस्त स्टेशनों पर जांच उपकरणों के संचालन और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल।
मुंबई के 150 उपनगरीय स्टेशनों की सुरक्षा के लिए 2,500 करोड़ रुपये की योजना तैयार।
AI कैमरे, बैगेज स्कैनर और प्रवेश-निकास व्यवस्था सुधारने का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड की मंजूरी के इंतजार में।
Mumbai Railway Station Security: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई की लाइफलाइन बनीं लोकल ट्रेनें और स्टेशन हमेशा से आतंकियों के निशाने पर रहे हैं। 26 नवंबर 2008 को मुंबई पर हुए सबसे बड़े आतंकी हमले में छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (तत्कालीन CST) को सॉफ्ट टार्गेट बनाया गया था।
सीएसएमटी स्टेशन पर 58 लोगों की जान चली गई थी,जबकि सैकड़ों यात्री घायल हो गए थे। उस हृदयविदारक घटना से सीख लेते हुए सरकार ने सीएसएमटी सहित मुंबई के अन्य रेलवे स्टेशनों की सुरक्षा को अपग्रेड करने का कार्य किया।
इन 18 वर्षों में सीसीटीवी नेटवर्क, आधुनिक निगरानी प्रणाली, हथियारबंद सुरक्षा बल, डॉग स्क्वॉड और संदिग्ध वस्तुओं की जांच जैसी व्यवस्थाएं मजबूत हुई हैं।
लेकिन मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेनों और स्टेशनों पर रोजाना 75 लाख यात्रियों की आवाजाही के बीच सुरक्षा एक बड़ा सवाल आज भी कायम है। भारी भीड़ को नियंत्रित करने में सुरक्षाबलों के पसीने छूट जाते हैं। वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार यहां हर यात्री और उसके सामान की जांच संभव नहीं है?
मध्य रेलवे ने मुंबई डिवीजन के करीब 80 संवेदनशील स्थानों पर 3800 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे लगाए गए। पश्चिम रेलवे के 31 स्टेशनों पर इंटीग्रेटेड सिक्योरिटी सिस्टम के तहत 2,770 कैमरे लगाए गए थे।
रेल मंत्रालय की जानकारी के मुताबिक मध्य रेलवे के 240 और पश्चिम रेलवे के 391 स्टेशनों पर सीसीटीवी निगरानी उपलब्ध है। जिनमें सबसे ज्यादा सीसीटीवी कैमरे मुंबई के स्टेशनों पर लगे हैं।अब AI आधारित वीडियो एनालिटिक्स के जरिए संदिग्ध गतिविधियों, अनधिकृत प्रवेश और लावारिस सामान की पहचान करने की दिशा में भी काम हो रहा है।
CSMT पर आरपीएफ की तैनाती, सीसीटीवी निगरानी, वाहन जांच और डॉग स्क्वॉड के जरिए सुरक्षा मजबूत की गई है। दादर, कुर्ला, लोकमान्य तिलक टर्मिनस, ठाणे और कल्याण के साथ CSMT को मध्य रेलवे की विशेष सुरक्षा योजना में शामिल किया गया है। इन 7 प्रमुख स्टेशनों पर 1,400 से अधिक अतिरिक्त कैमरों वाली एकीकृत निगरानी परियोजना शुरू की गई है।
पश्चिम रेलवे पर चर्चगेट, मुंबई सेंट्रल, बांद्रा टर्मिनस और बोरीवली जैसे स्टेशनों पर बैगेज स्कैनर तथा अन्य जांच उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं। एक रिपोर्ट के अनुसार चर्चगेट से विरार के बीच 2,235 CCTV और 400 फेस रिकग्निशन कैमरे लगाए गए थे। हालांकि, कुछ जांच उपकरणों के नियमित संचालन पर सवाल भी सामने आए हैं। दादर स्टेशन पर पिछले वर्ष 160 कैमरों से निगरानी और वीडियो एनालिटिक्स की व्यवस्था की गई थी। लेकिन ठाणे व कल्याण जैसे सर्वाधिक भीड़भाड़ वाले स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था काफी अधूरी है। स्कैनर तथा अन्य जांच उपकरण बंद पड़े हैं। स्टेशन से निकासी को लेकर काफी समस्याएं हैं।
स्टेशनों पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF), राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) और महाराष्ट्र सुरक्षा बल (MSF) के जवान तैनात हैं। मध्य व पश्चिम रेलवे में नियमित गश्त, डॉग स्क्वॉड से जांच, मॉक ड्रिल और एंटी-सैबोटाज अभियान चलाए जाते हैं। आपात स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वय भी बढ़ाया गया है।
हाल ही में मुंबई के स्टेशनों व लोकल ट्रेनों में सुरक्षा को लेकर एक इंटरनल ऑडिट रिपोर्ट भी तैयार की गई,जिसमें सुरक्षा को लेकर कई तरह सुझाव और आवश्यकता पर जोर दिया गया है। एक रिपोर्ट के मुताबिक मुंबई उपनगरीय रेलवे के 150 स्टेशनों की सुरक्षा के लिए लगभग 2,500 करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
इसमें मध्य रेलवे के अंतर्गत आने वाले 108 स्टेशनों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए 1,800 करोड़ रुपये और पश्चिम रेलवे के 42 स्टेशनों के लिए 700 करोड़ रुपये आवंटित करने का प्रस्ताव है। रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, इस योजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) वित्तीय मंजूरी के लिए रेलवे बोर्ड को सौंप दी गई है। AI कैमरे, मेटल डिटेक्टर, बैगेज स्कैनर, बॉडी स्कैनर और प्रवेश-निकास व्यवस्था में सुधार इसके प्रमुख प्रस्ताव हैं। हालांकि, यह योजना अभी रेलवे बोर्ड की मंजूरी की प्रतीक्षा में है।
मुंबई शहर के रेलवे स्टेशनों की सुरक्षा में तकनीकी और मानवीय स्तर पर विस्तार जरूर हुआ है, लेकिन पूर्ण एक्सेस कंट्रोल अब भी संभव नहीं हो पाया है। व्यस्त समय में यात्रियों की भारी भीड़, खुले प्रवेश द्वार और सीमित जांच व्यवस्था है। कुल मिलाकर 26/11 के बाद सुरक्षा का ढांचा बदला है, लेकिन केवल कैमरों और जवानों की संख्या बढ़ाना पर्याप्त नहीं।
उपकरणों का नियमित संचालन, खाली पड़े सुरक्षा पदों को भरना, त्वरित प्रतिक्रिया और सभी प्रवेश द्वारों की निगरानी सुनिश्चित करना जरूरी है। रेल यात्री सेवा सुविधा संगठन के अध्यक्ष पारसनाथ तिवारी ने कहा कि मुंबई में रेल यात्रियों को वास्तविक सुरक्षा तब मिलेगी, जब प्रस्तावित योजनाएं कागजों से निकलकर जमीन पर प्रभावी ढंग से लागू होंगी।