Mumbai Police Digital Campaign: सोशल मीडिया मंचों पर मुंबई पुलिस की मौजूदगी के 10 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन, शाहरुख खान और क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर सहित कई प्रमुख हस्तियों ने पुलिस बल की सेवाओं की जमकर प्रशंसा की। मुंबई महानगर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी निभाने वाली मुंबई पुलिस नागरिकों से संवाद और पहुंच बढ़ाने के उद्देश्य से 28 दिसंबर 2015 को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) और इंस्टाग्राम पर सक्रिय हुई थी।
बीते एक दशक में मुंबई पुलिस ने बॉलीवुड फिल्मों के मशहूर संवादों और रचनात्मक कंटेंट के माध्यम से कई नवोन्मेषी सोशल मीडिया अभियान चलाए हैं। मुंबईवासियों के साथ अपने मजबूत रिश्ते के 10 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में पुलिस ने रविवार को अपनी प्रभावी डिजिटल उपस्थिति को दर्शाता एक वीडियो भी साझा किया।
मुंबई पुलिस ने अपने संदेश में कहा, “हम 24 घंटे ‘ऑनलाइन’ और ‘ऑफलाइन’ आपके साथ रहते हैं। पिछले 10 वर्षों में हमने मुंबईवासियों के साथ एक मजबूत, पारदर्शी और भरोसेमंद रिश्ता बनाया है।” इस पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए कई फिल्मी सितारों और खेल जगत की हस्तियों ने मुंबई पुलिस को टैग कर विशेष संदेश साझा किए और उनकी सेवाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने ट्वीट किया, “आज खुश तो बहुत होंगे हम! मुंबई पुलिस और मुंबई पुलिस आयुक्त ने सोशल मीडिया पर 10 गौरवशाली वर्ष पूरे कर लिए हैं। मुंबईवासियों की सुरक्षा के लिए वे हमेशा तत्पर रहते हैं।” उन्होंने आगे लिखा, “‘सद्रक्षणाय खलनिग्रहणाय’, जिसका अर्थ है अच्छाई की रक्षा करना और बुराई को रोकना यह नागरिकों की सुरक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।”
शाहरुख खान ने अपनी 1993 की फिल्म ‘डर’ के संवाद का उल्लेख करते हुए लिखा, “70 मिनट नहीं, पूरी ज़िंदगी का सवाल है! और मुंबई पुलिस ने हमारी सुरक्षा को प्राथमिकता देने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया है। मुंबई पुलिस और मुंबई पुलिस आयुक्त को सोशल मीडिया पर शानदार 10 वर्षों के लिए बधाई।” ‘मास्टर ब्लास्टर’ सचिन तेंदुलकर ने कहा कि 10 नंबर का अपना विशेष महत्व है। जैसे 100 और 112 (पुलिस हेल्पलाइन)। उन्होंने पोस्ट किया,“पिछले एक दशक में मुंबईवासियों को ऑनलाइन सहायता और मार्गदर्शन देने के लिए मुंबई पुलिस आयुक्त और मुंबई पुलिस को बधाई। शानदार काम!”
अभिनेता सलमान खान ने भी साइबर सुरक्षा और डिजिटल अनुशासन को लेकर नागरिकों को जागरूक करने के लिए मुंबई पुलिस की सराहना की। उन्होंने लिखा, “स्वागत नहीं करोगे सबसे रचनात्मक और प्रभावशाली अकाउंट का? विश्वास, तकनीक और अथक सेवा के 10 वर्षों के लिए मुंबई पुलिस को हार्दिक बधाई!” इस अवसर पर पुलिस आयुक्त देवेन भारती ने अपने संदेश में कहा, “हमने एक नई दिशा में कदम रखा। सड़कों से आगे बढ़कर शहर की स्क्रीन तक।”
ये भी पढ़े:एक साल में बढ़ी हत्या और सेंधमारी, बीते वर्ष से बढ़ा अपराध ग्राफ, नाबालिगों की संलिप्तता चिंताजनक
उन्होंने बताया कि 10 वर्ष पहले उन्होंने पुलिस बल की सोशल मीडिया उपस्थिति की परिकल्पना की थी। भारती ने कहा,“हमने आपात स्थितियों में अलर्ट साझा किए, हल्के पलों में मुस्कान बांटी और शहर के सबसे कठिन समय में मजबूती प्रदान की। हर उस मुंबईकर का धन्यवाद, जिसने हमें फॉलो किया, भरोसा किया और हमसे जुड़ा।”
मुंबई पुलिस के सोशल मीडिया पर 10 वर्ष पूरे होने पर अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी, अजय देवगन, आयुष्मान खुराना, शाहिद कपूर, अभिषेक बच्चन, तथा क्रिकेटर हार्दिक पंड्या और सूर्यकुमार यादव सहित कई अन्य हस्तियों ने भी पुलिस की सराहना की। वर्तमान में मुंबई पुलिस के ‘एक्स’ हैंडल पर 47 लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं।
(एजेंसी इनपुट के साथ)