Mumbai Metro Style Local Train: मुंबई की परिवहन व्यवस्था को तेज गति देने के लिए बुधवार को एक साथ कई बड़े प्रोजेक्ट शुरू किए गए। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि केंद्र सरकार ने मेट्रो जैसी सुविधाओं वाली उपनगरीय लोकल ट्रेनों को मंजूरी दे दी है।
अब वंदे भारत जैसी आधुनिक ट्रेनें बनाने वाली फैक्ट्रियां, ऑटोमैटिक दरवाजे, एयर कंडीशनिंग और बेहतर साफ-सफाई वाली मेट्रो-स्टाइल लोकल ट्रेनें भी बनाएंगी।
सह्याद्रि गेस्ट हाउस से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दिन मुंबई के ट्रांसपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए ऐतिहासिक है। आज शुरू हुए प्रोजेक्ट मुंबई की कनेक्टिविटी को "स्पीड का बूस्टर" देंगे।
इस दौरान MMRDA के दो प्रोजेक्ट का ई-उद्घाटन, ठाणे-बोरिवली ट्विन टनल के लिए TBM 'अर्जुन' का लॉन्च और बीकेसी के जी ब्लॉक से ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे को जोड़ने वाले फ्लाईओवर का नामकरण पूर्व मुख्यमंत्री बैरिस्टर बाबासाहेब अनंतराव भोसले के नाम पर किया गया। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार, कौशल विकास मंत्री मंगल प्रभात लोढा, सांस्कृतिक मंत्री ॲड. आशीष शेलार, राज्य मंत्री माधुरी मिसाळ, मुख्य सचिव राजेश अग्रवाल,विधायक प्रवीण दरेकर, राजहंस सिंह, अबू आजमी मौजूद थे।
सीएम फडणवीस ने कहा कि एक तरफ मुंबई में साफ-सुथरी, आधुनिक और एयर कंडीशन मेट्रो सेवा है, तो दूसरी तरफ लोकल ट्रेन में सफर करना आज भी मुश्किल माना जाता है। यह फर्क अब खत्म होगा। 2027 तक 238 मेट्रो जैसी उपनगरीय लोकल ट्रेनें सेवा में उतारी जाएंगी। मार्च 2030 तक पूरी लोकल ट्रेन फ्लीट को मेट्रो-स्टाइल में बदला जाएगा।
2017-18 में बीकेसी क्षेत्र में ट्रैफिक जाम स्थायी रूप से दूर करने के लिए 6 कनेक्टर रोड बनाने का फैसला हुआ था, जिसे बढ़ाकर 8 किया गया। आज अंतिम कनेक्टर का उद्घाटन हुआ। भारत नगर रोड से वाकोला जंक्शन तक 1.40 किमी का एलिवेटेड कॉरिडोर* पूर्व और पश्चिम मुंबई के बीच सीधी कनेक्टिविटी देगा।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कनेक्टर के उतरने वाले हिस्सों पर भीड़ कम करने के उपाय किए जाएं और जरूरत के अनुसार वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर अंडरपास बनाए जाएं।
चेम्बूर मेट्रो स्टेशन का उद्घाटन करते हुए सीएम ने कहा कि मुंबईवासियों को महत्वपूर्ण परिवहन लिंक देगा। यह मेट्रो लाइन 2B का हिस्सा है,जो रेलवे स्टेशन व मोनोरेल से जुड़कर मल्टीमॉडल हब बनेगा। स्टेशन 185 मीटर लंबा है और 8 डिब्बों वाली ट्रेनों के लिए उपयुक्त है। लिफ्ट, एस्केलेटर, CCTV और ग्रीन बिल्डिंग कॉन्सेप्ट के साथ इसे बनाया गया है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि ठाणे-बोरिवली ट्विन अंडरग्राउंड टनल देश की सबसे लंबी टनल होगी। 23 किमी का रास्ता टनल से 11 किमी रह जाएगा और ठाणे से बोरिवली का सफर सिर्फ 12-15 मिनट में पूरा होगा। पहली टनल के लिए TBM 'नायक' पहले ही शुरू हो चुका है और आज दूसरी टनल के लिए TBM 'अर्जुन' लॉन्च किया गया। जल्द ही बोरिवली की तरफ से भी दो TBM शुरू होंगे।
बीकेसी के जी ब्लॉक से ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे को जोड़ने वाले फ्लाईओवर का नाम वरिष्ठ स्वतंत्रता सेनानी और पूर्व सीएम बैरिस्टर बाबासाहेब अनंतराव भोसले के नाम पर रखा गया।
सीएम ने कहा कि उनके कार्यकाल में स्वतंत्रता सेनानियों के लिए कल्याणकारी योजनाएं, लड़कियों को 10वीं तक मुफ्त शिक्षा और बॉम्बे हाईकोर्ट की औरंगाबाद बेंच की शुरुआत हुई। MMRDA के महानगर आयुक्त डॉ. संजय मुखर्जी ने प्रस्तावना रखी और अतिरिक्त महानगर आयुक्त पी. वेलारासु ने आभार व्यक्त किया।