आदित्य ठाकरे (डिजाइन फोटो) 
मुंबई

'BJP राज में जान की कोई कीमत नहीं', मुलुंड मेट्रो हादसे पर भड़के आदित्य ठाकरे, महायुति सरकार पर बोला तीखा हमला

Mulund Metro Slab Collapse: मुंबई के मुलुंड में निर्माणाधीन मेट्रो लाइन 4 का कंक्रीट स्लैब वाहनों पर गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन घायल हैं। आदित्य ठाकरे ने सरकार पर तीखा हमला बोला है।

आकाश मसने

Aaditya Thackeray On Mulund Metro Accident: आर्थिक राजधानी मुंबई के मुलुंड इलाके में शनिवार को एक बड़ा हादसा हो गया, जिसने शहर के बुनियादी ढांचे और निर्माण सुरक्षा पर सवालिया निशान लगा दिए हैं। मुलुंड वेस्ट में एलबीएस मार्ग (LBS Marg) पर निर्माणाधीन मुंबई मेट्रो लाइन 4 का एक विशाल कंक्रीट स्लैब अचानक नीचे चल रहे वाहनों पर गिर गया। इस दर्दनाक घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

कैसे हुआ हादसा?

मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना दोपहर करीब 12:15 बजे मुलुंड फायर स्टेशन के पास पियर P196 के पास हुई। मेट्रो का एक पैरापेट स्लैब सीधे नीचे से गुजर रहे एक ऑटोरिक्शा और कार पर गिर गया। चश्मदीदों के मुताबिक, टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटोरिक्शा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। स्थानीय लोगों और बचाव दल ने कड़ी मशक्कत के बाद मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

आदित्य ठाकरे का सरकार पर तीखा हमला

इस हादसे के बाद सियासत गरमा गई है। शिवसेना (UBT) नेता और विधायक आदित्य ठाकरे ने घटनास्थल की तस्वीरें साझा करते हुए बीजेपी और राज्य सरकार पर कड़ा प्रहार किया। आदित्य ठाकरे ने कहा कि बीजेपी शासन में इंसानी जान की कोई कीमत नहीं रह गई है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या दोषी ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट किया जाएगा?

ठाकरे ने आरोप लगाया कि मेट्रो निर्माण स्थलों पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि पिछले साल भी मेट्रो लाइन 3 में जलभराव और दीवार गिरने की घटनाएं हुई थीं। क्या सरकार केवल ठेकेदारों को बचाने के लिए है? घटिया बैरिकेडिंग और खराब सुरक्षा प्रोटोकॉल के कारण मासूम नागरिक अपनी जान गंवा रहे हैं।

MMRDA का स्पष्टीकरण

हादसे के बाद मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (MMRDA) ने एक बयान जारी कर पुष्टि की कि राजीव (मिलन) खंड में निर्माण कार्य के दौरान एक स्लैब गिरा है। MMRDA ने कहा कि उनकी टीम मौके पर राहत कार्यों में जुटी है और बीएमसी (BMC) व आपदा प्रबंधन अधिकारियों के साथ मिलकर स्थिति को नियंत्रित किया जा रहा है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि घटना की जांच की जाएगी और सुरक्षा मानकों की दोबारा समीक्षा होगी।

इस हादसे के कारण व्यस्त एलबीएस मार्ग पर घंटों तक यातायात बाधित रहा। स्थानीय नागरिकों में भारी रोष है, क्योंकि यह मार्ग मुंबई के सबसे व्यस्त रास्तों में से एक है और हजारों लोग रोजाना यहां से मेट्रो निर्माण के नीचे से गुजरते हैं।

INDIA Bloc Protest LIVE: राहुल गांधी और खरगे पहुंचे सुप्रीम कोर्ट, ज्ञानेश कुमार के खिलाफ याचिका दायर की गई

सुप्रीम कोर्ट में राहुल गांधी बनाम चुनाव आयोग, ज्ञानेश कुमार के खिलाफ याचिका दाखिल; 11 नेता बने पक्षकार

एकतरफा प्यार कब तक चलता? आनंद दुबे ने बताया उद्धव ठाकरे का साथ छोड़ने का कारण

अस्पतालों की मनमानी पर सरकार ने लगाया लगाम! इलाज का खर्च सार्वजनिक करना हुआ अनिवार्य

सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल करना कितना आसान? राहुल गांधी के मामले से समझिए कानूनी प्रक्रिया