MMRDA Halav Bridge Girder Launch: मुंबई महानगर प्रदेश विकास प्राधिकरण (MMRDA) ने शनिवार तड़के मेट्रो लाइन 2B (डी.एन. नगर से मंडाले) के निर्माण में एक बेहद जटिल तकनीकी बाधा को पार कर लिया है। सुबह ठीक 4 बजे, जब शहर सो रहा था, हलाव ब्रिज के ऊपर दो विशालकाय यू-गर्डर (U-Girders) को सफलतापूर्वक स्थापित किया गया। यह हिस्सा एयरपोर्ट फनल जोन में आता है, जहां मेट्रो वायाडक्ट और मौजूदा पुल के बीच केवल 3.5 मीटर की ऊंचाई उपलब्ध है। सीमित वर्टिकल क्लियरेंस के बीच यह इंजीनियरिंग ऑपरेशन परियोजना की जटिलता को दर्शाता है।
एमएमआरडीए के अनुसार, दोनों यू-गर्डर प्रत्येक 20 मीटर लंबे हैं और इन्हें 500 मीट्रिक टन क्षमता वाले क्रेनों की मदद से स्थापित किया गया। भारी लिफ्टिंग उपकरणों की तैनाती के बावजूद कार्य को व्यस्त ट्रैफिक जोन में रात के समय अंजाम दिया गया, ताकि सार्वजनिक असुविधा न्यूनतम रहे। हलाव ब्रिज सेक्शन पूर्व-पश्चिम कनेक्टिविटी के लिहाज से अहम है। क्योंकि लाइन 2बी डीएन नगर, बीकेसी, कुर्ला, चेंबूर और मंडाले जैसे प्रमुख आवासीय और व्यावसायिक क्षेत्रों को जोड़ेगी।
फनल ज़ोन की ऊंचाई की पाबंदियों के कारण ही यहां एक विशेष इंजीनियरिंग डिजाइन का उपयोग किया जा रहा है। पास में स्थित एस.जी. बर्वे मार्ग मेट्रो स्टेशन को 'सिंगल-लेवल स्टेशन' के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसका मतलब है कि यात्रियों के लिए प्लेटफॉर्म और कॉनकोर्स (टिकट काउंटर एरिया) एक ही तल पर होंगे। वर्तमान में इस स्टेशन की नींव और खंभों का काम पूरा हो चुका है।
मेट्रो लाइन 2B, डी.एन. नगर से मांडले को जोड़ने वाला एक प्रमुख ईस्ट-वेस्ट लिंक है। यह मार्ग BKC रोड, मीठी नदी और सांताक्रूज़-चेंबूर लिंक रोड (SCLR) जैसे महत्वपूर्ण हिस्सों से होकर गुजरता है। मेट्रो के साथ-साथ, स्थानीय निवासियों की सुविधा के लिए BMC के सहयोग से पास के ए.एच. वाडिया रोड को चौड़ा करने का काम भी प्राथमिकता पर चल रहा है।
हल्की मोटर गाड़िया ऑटो, टैक्सी, टेंपो और एंबुलेंस ब्रिज का उपयोग जारी रखे हुए है, जबकि भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से मोड़ा गया है। एसजी बर्वे मार्ग मेट्रो स्टेशन को विमानन ऊंचाई मानकों के अनुरूप सिंगल-लेवल स्टेशन के रूप में डिजाइन किया गया है।
यह भी पढ़ें:- ST महामंडल के कर्मचारियों के लिए खुशखबरी, 100 करोड़ का फंड जारी, फरवरी की सैलरी के साथ आएगा बकाया पैसा
अब अगला चरण ट्रैक बिछाने, ओवरहेड कैटनरी सिस्टम, पावर सप्लाई और टेलीकॉम अवसंरचना का है। समानांतर रूख्य से ए एच वाडिया रोड के प्रस्तावित चौड़ीकरण पर भी कार्ययोजना तैयार की जा रही है, जिसके लिए बीएमसी के साथ समन्वय जारी है, गणेश विसर्जन जैसे पीक पीरियड में दबाव कम करना है।