पश्चिम रेलवे पर 28/29 नवंबर की मध्यरात्रि 4 घंटे का ब्लॉक
सांताक्रुज और माहिम स्टेशनों के बीच अप व डाउन फास्ट लाइनों पर ब्लॉक
अंधेरी और चर्चगेट स्टेशनों के बीच ट्रेनों को स्लो ट्रैक पर चलाया जाएगा
Western Railway Jumbo Block: पश्चिम रेलवे के उपनगरीय रेलखंड पर शनिवार और रविवार की मध्यरात्रि यानी 28/29 नवंबर 2026 को मुंबई के सांताक्रुज और माहिम स्टेशनों के बीच अप एवं डाउन फास्ट लाइनों पर चार घंटे का जम्बो ब्लॉक लिया जाएगा। इस दौरान फास्ट लोकल ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा।
हालांकि, यात्रियों के लिए राहत की बात यह है कि रविवार, 29 नवंबर को दिन के समय पश्चिम रेलवे पर कोई जम्बो ब्लॉक नहीं लिया जाएगा। पश्चिम रेलवे द्वारा यह ब्लॉक ट्रैक, सिग्नलिंग सिस्टम और ओवरहेड उपकरणों के रखरखाव एवं मरम्मत कार्य के लिए लिया जा रहा है।
पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अरुण कुमार मीणा के अनुसार, 28 और 29 नवंबर की मध्यरात्रि को अप फास्ट लाइन पर रात 12 बजे से सुबह 4 बजे तक तथा डाउन फास्ट लाइन पर रात 12:30 बजे से सुबह 4:30 बजे तक ब्लॉक रहेगा।
ब्लॉक अवधि के दौरान फास्ट लाइन पर चलने वाली सभी लोकल ट्रेनों को अंधेरी और चर्चगेट स्टेशनों के बीच स्लो लाइनों पर डायवर्ट कर संचालित किया जाएगा। इसके कारण फास्ट लोकल ट्रेनों की रफ्तार और समय-सारणी प्रभावित हो सकती है।
रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि रविवार, 29 नवंबर को दिन के समय उपनगरीय रेलखंड पर कोई जम्बो ब्लॉक नहीं लिया जाएगा। इससे दिन में यात्रा करने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी।
मध्य रेलवे के मुंबई मंडल द्वारा भी कल्याण-बदलापुर रेलखंड पर तीसरी और चौथी रेल लाइन के निर्माण कार्य को लेकर 28 और 29 नवंबर की मध्यरात्रि को विशेष ट्रैफिक एवं पावर ब्लॉक लिया जाएगा।
इस दौरान कल्याण और बदलापुर के बीच अप एवं डाउन साउथ ईस्ट लाइन पर रेल यातायात प्रभावित रहेगा। ब्लॉक के चलते कल्याण और कर्जत के बीच लोकल ट्रेन सेवाएं अस्थायी रूप से बंद रहेंगी, जबकि चार लंबी दूरी की एक्सप्रेस ट्रेनों को वैकल्पिक मार्ग से चलाया जाएगा।