Local Train Murder Accused CCTV Video: मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन से एक ऐसी खौफनाक वारदात सामने आई है, जिसने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। महज एक मामूली विवाद ने इतना उग्र रूप ले लिया कि एक 22 वर्षीय युवक को अपनी जान गंवानी पड़ी। लेकिन इस पूरी घटना में सबसे ज्यादा चौंकाने वाली बात आरोपी का वो बर्ताव है, जो हत्या के बाद सीसीटीवी कैमरों में कैद हुआ है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी के चेहरे पर न तो कोई पछतावा था और न ही पुलिस का डर; वह बोरीवली स्टेशन पर किसी राजा की तरह आराम से टहलता हुआ बाहर निकल गया।
यह रूह कंपा देने वाली घटना 23 जून की रात की है। विरार का रहने वाला मयंक लोहार (22), जो अंधेरी के एक शोरूम में सेल्समैन के तौर पर काम करता था, रोज की तरह काम खत्म कर घर लौट रहा था। वह रात करीब 10:30 बजे चर्चगेट-विरार फास्ट लोकल ट्रेन नंबर 90663 के फर्स्ट क्लास डिब्बे में सवार हुआ। उस समय तेज बारिश हो रही थी, जिसके कारण मयंक ने डिब्बे का दरवाजा बंद करने को कहा।
इसी बात को लेकर डिब्बे में मौजूद एक अन्य व्यक्ति के साथ मयंक का विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते यह मामूली बहस हाथापाई में बदल गई। चश्मदीदों और पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी ने अचानक अपनी बैग से एक धारदार हथियार निकाला और मयंक पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अंधेरी से बोरीवली के बीच हुए इस हमले में मयंक लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। रात 11:04 बजे जब ट्रेन बोरीवली स्टेशन पहुंची, तब तक मयंक दम तोड़ चुका था।
इस जघन्य अपराध के बाद का जो वीडियो सामने आया है, उसने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि हत्या करने के बाद आरोपी बोरीवली स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर ट्रेन रुकने से पहले ही बड़े आराम से उतरा। उसने काले रंग के कपड़े पहने थे, कंधे पर काला बैग था और उसकी दाढ़ी बढ़ी हुई थी। वीडियो में वह स्टेशन परिसर में बिना किसी हड़बड़ाहट के घूमता नजर आ रहा है। वह लिफ्ट का इस्तेमाल करता है और किसी सामान्य यात्री की तरह स्टेशन से बाहर निकल जाता है। पुलिस के अनुसार, उसके चलने के तरीके से ऐसा लग रहा था जैसे वह नशे में हो। न तो वह भाग रहा था और न ही उसके चेहरे पर कोई शिकन थी। भारी बारिश के बीच वह स्टेशन से बाहर निकलकर गायब हो गया।
यह भी पढ़ें: मेयर रितु तावडे के सामने ही मैनहोल में गिरा बीएमसी का कर्मचारी, वायरल VIDEO में खुली प्रशासन की पोल
घटना की जानकारी मिलते ही पश्चिम रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और बोरीवली जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश के लिए कई टीमें गठित की हैं। अंदेशा जताया जा रहा है कि आरोपी बोरीवली इलाके में ही कहीं छिपा हो सकता है।
महज 'दरवाजा बंद करने' जैसे मामूली विवाद पर एक हंसते-खेलते युवक की हत्या ने मुंबईकरों के मन में डर पैदा कर दिया है। सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद लोग आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और रेल यात्रा के दौरान सुरक्षा बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। मयंक के परिवार में इस समय मातम पसरा है, जो हर रोज उसके सुरक्षित घर लौटने का इंतजार करते थे।