मुंबई के कांदिवली पूर्व में 14 वर्षीय नाबालिग से गैंगरेप प्रतीकात्मक तस्वीर, सोर्स: सोशल मीडिया
मुंबई

मुंबई में नाबालिग से गैंगरेप, लड़कों के फोन से मिले 20 ज्यादा लड़कियों के अश्लील वीडियो

Mumbai Crime News: मुंबई के कांदिवली पूर्व में 14 वर्षीय नाबालिग से गैंगरेप और ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आया है। आरोपियों के मोबाइल से 20 से ज्यादा नाबालिग लड़कियों के आपत्तिजनक वीडियो बरामद हुए हैं।

आकाश मसने

Highlights

  • कांदिवली पूर्व के हनुमान नगर इलाके में 14 वर्षीय नाबालिग से गैंगरेप।

  • वारदात का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी

  • मुंबई पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ दर्ज की FIR

  • फोन से 20 अन्य नाबालिगों के वीडियो मिलने से हड़कंप।

Mumbai Minor Girl Assault Case: मुंबई से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कांदिवली पूर्व स्थित समता नगर पुलिस स्टेशन क्षेत्र में 14 साल की एक नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग की वारदात सामने आई है। आरोपी लड़की को दोस्ती के बहाने फुसलाकर एक कमरे में ले गए और उसके साथ यौन उत्पीड़न किया। आरोपियों ने पीड़िता को उसके अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी दी थी।

मुंबई पुलिस की शुरुआती जांच में एक सनसनीखेज खुलासा हुआ है। आरोपियों के मोबाइल फोन से 20 से अधिक अन्य नाबालिग लड़कियों के अश्लील वीडियो बरामद हुए है। इस खुलासे के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और एक बड़े सेक्स रैकेट या ब्लैकमेलिंग गिरोह की आशंका जताई जा रही है।

दोस्ती के जाल में फंसाकर दिया वारदात को अंजाम

11 नवंबर 2026 को समता नगर पुलिस स्टेशन में दर्ज की गई प्राथमिकी (FIR) के अनुसार, पीड़िता अगस्त 2026 में एक युवक के संपर्क में आई थी। उसी युवक के माध्यम से उसकी पहचान अयान और कासिम नाम के लड़कों से हुई। धीरे-धीरे आरोपियों ने लड़की से बातचीत बढ़ाई और उसका भरोसा जीत लिया।

शिकायत में बताया गया है कि 6 नवंबर की दोपहर करीब 3:00 बजे, जब पीड़िता अपने किसी परिचित से मिलने जा रही थी, तभी रास्ते में उसकी मुलाकात आरोपियों से हुई। आरोपी उसे बहला-फुसलाकर कांदिवली पूर्व के हनुमान नगर इलाके स्थित एक कमरे में ले गए। वहां आरोपियों ने नाबालिग के साथ जबरन यौन उत्पीड़न किया और इस घिनौनी वारदात का अश्लील वीडियो भी अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया।

वीडियो वायरल करने की धमकी से खुला राज

इस भयावह घटना के बाद पीड़िता बुरी तरह सहम गई थी, लेकिन आरोपियों की दरिंदगी यहीं नहीं रुकी। 10 नवंबर को सोहेल नाम के एक आरोपी ने सोशल मीडिया के जरिए पीड़िता को मैसेज भेजा और उस पर दोबारा मिलने का दबाव बनाया। जब नाबालिग ने मिलने से साफ इनकार कर दिया, तो सोहेल ने उसके अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी।

ब्लैकमेलिंग और बदनामी के डर से लड़की ने हिम्मत जुटाकर अपनी मां को पूरी आपबीती सुनाई। बेटी के साथ हुई हैवानियत की बात सुनकर परिजनों ने समता नगर पुलिस स्टेशन पहुंचे।

20 से ज्यादा लड़कियों के वीडियो मिलने से बढ़ी चिंता

परिजनों की शिकायत पर मुंबई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कृष्णा, कासिम, सोहेल और अयान नामक चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जांच के दौरान जब आरोपियों के मोबाइल फोन खंगाले गए, तो पुलिस के भी होश उड़ गए। फोन में 20 से ज्यादा अन्य नाबालिग लड़कियों के आपत्तिजनक वीडियो मिले हैं।

अब पुलिस इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि ये वीडियो किन लड़कियों के हैं, इन्हें कब और किसने रिकॉर्ड किया, और क्या इनका इस्तेमाल अन्य लड़कियों को ब्लैकमेल करने के लिए किया जा रहा था। फिलहाल समता नगर पुलिस पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है।

पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ को AIIMS से मिली छुट्टी, मॉर्निंग वॉक में हुए थे बेहोश

पंजाब में तीर्थ यात्रियों से भरी दो बसों की भीषण टक्कर, 4 की मौत; 10 की हालत गंभीर

हादसा नहीं, साजिश थी... सोनिया गांधी की किताब में साबरमती अग्निकांड के जिक्र पर राकेश अस्थाना का बड़ा खुलासा

11 घंटे में 4 बार कांपी जम्मू-कश्मीर की धरती, क्या यह किसी बड़े खतरे का संकेत है?

दिल्ली के रामलीला मैदान में रैलियों और प्रदर्शनों के लिए नया SOP तैयार, तय हुआ समय और भीड़ का दायरा