Mumbai BMC Raid Fake Doctors Quacks Arrested: नीम हकीम खतरे-ए-जान की कहावत को सच साबित करने वाले कथित फर्जी डॉक्टरों के खिलाफ मुंबई क्राइम ब्रांच ने कार्रवाई तेज कर दी है।
पुलिस के अनुसार, बिना वैध मेडिकल डिग्री और लाइसेंस के इलाज करने वालों के खिलाफ अभियान के तहत क्राइम ब्रांच यूनिट-7 ने BMC के मेडिकल अधिकारियों के साथ मिलकर शहर के अलग-अलग इलाकों में छापेमारी की। कार्रवाई में 10 कथित फर्जी डॉक्टरों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस उपायुक्त नवनाथ ढवले के मार्गदर्शन में क्राइम ब्रांच और BMC की टीम ने भांडुप, मानखुर्द, कुर्ला, जोगेश्वरी, बोरीवली और दहिसर समेत कई इलाकों में क्लीनिकों की जांच की। पुलिस के मुताबिक, आरोपी बिना वैध डिग्री या महाराष्ट्र मेडिकल बोर्ड में पंजीकरण के मरीजों का इलाज कर रहे थे।
पुलिस के अनुसार, संतोष हेल्थ क्लिनिक, विनायक हेल्थ क्लिनिक, हमदम दवाखाना और कोहिनूर दवाखाना समेत कई ठिकानों पर कार्रवाई की गई। इन स्थानों से बड़ी मात्रा में दवाएं बरामद की गई हैं। कुछ क्लीनिकों से एक्सपायर हो चुकी दवाएं भी मिलने की बात सामने आई है।
जांच एजेंसी के अनुसार, कथित आरोपी बिना आवश्यक योग्यता और पंजीकरण के एलोपैथिक, आयुर्वेदिक और यूनानी दवाएं मरीजों को दे रहे थे। पुलिस का आरोप है कि कुछ स्थानों पर विशेष बीमारियों का इलाज कराने आने वाले मरीजों से भारी फीस भी वसूली जा रही थी।
मुंबई क्राइम ब्रांच की नजर अब गोवंडी, शिवाजी नगर, जाकिर हुसैन नगर और बैगनवाड़ी जैसे इलाकों पर है। पुलिस के अनुसार, इन क्षेत्रों में ऐसे लोगों की गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है, जो कथित तौर पर इंटरनेट या यूट्यूब से जानकारी लेकर चिकित्सा प्रैक्टिस कर रहे हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई की तैयारी है।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद बिना आवश्यक योग्यता चिकित्सा सेवाएं देने वाले लोगों को लेकर मरीजों की सुरक्षा का मुद्दा भी सामने आया है। क्राइम ब्रांच और मुंबई बीएमसी की टीम आने वाले दिनों में ऐसे संदिग्ध क्लीनिकों की जांच जारी रख सकती है।