BMW Crash Three Dead One Critically Injured: मुंबई के कोस्टल रोड पर रविवार, 20 सितंबर की सुबह एक तेज रफ्तार BMW कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा करीब सुबह 5:20 बजे लोटस जेट्टी के पास, लाला कॉलेज के सामने हुआ।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, BMW मरीन ड्राइव से हाजी अली की ओर जा रही थी। इसी दौरान कथित तौर पर तेज रफ्तार के कारण चालक ने कार पर नियंत्रण खो दिया और वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही कोस्टल रोड कंट्रोल रूम और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।
दुर्घटना के बाद कार में सवार चारों लोगों को तत्काल इलाज के लिए नायर अस्पताल भेजा गया। हादसे की सूचना मिलते ही इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
नायर अस्पताल में चार घायलों को लाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में 21 वर्षीय शनाय गज्जल, 17 वर्षीय धीर्या सेठ और करीब 25 वर्षीय एक अज्ञात व्यक्ति शामिल हैं। वहीं हादसे में घायल करीब 20 वर्षीय एक अज्ञात युवक को ट्रॉमा वार्ड में भर्ती कराया गया है।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका इलाज जारी है। हादसे के बाद पुलिस ने मृतकों और घायल की पहचान से जुड़ी जानकारी जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, दुर्घटना में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई है।
हादसे की परिस्थितियों और वाहन की गति समेत अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि दुर्घटना के समय कार कौन चला रहा था।
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के अनुसार, हादसा रविवार सुबह करीब 5:20 बजे कोस्टल रोड पर लोटस जेट्टी के पास हुआ। पुलिस की शुरुआती जानकारी में कार की तेज रफ्तार को दुर्घटना की संभावित वजह बताया गया है।
पुलिस के मुताबिक, मरीन ड्राइव से हाजी अली की दिशा में जा रही BMW के चालक ने कथित तौर पर वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद कार हादसे का शिकार हो गई। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस घटनास्थल की परिस्थितियों और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है। इस हादसे में तीन लोगों की मौत और एक के गंभीर रूप से घायल होने के बाद कोस्टल रोड पर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार को लेकर एक बार फिर सवाल उठे हैं।