मुंबई एयरपोर्ट पर 19 नवंबर को 6 घंटे उड़ानें बंद रहेंगी।
सुबह 11 से शाम 5 बजे तक दोनों रनवे बंद रहेंगे।
वार्षिक मरम्मत के तहत रनवे, लाइटिंग और जल निकासी की जांच होगी।
Mumbai Airport Runway Closure: देश के सबसे व्यस्त हवाई अड्डों में शामिल छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 19 नवंबर को छह घंटे तक विमानों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी। मानसून के बाद रनवे के वार्षिक रखरखाव और मरम्मत कार्य के चलते यह निर्णय लिया गया है। इस दौरान सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक हवाई अड्डे के दोनों रनवे बंद रखे जाएंगे।
हवाई अड्डा प्रशासन के अनुसार, यात्रियों की सुरक्षा और उड़ानों का परिचालन अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बनाए रखने के लिए यह नियमित रखरखाव जरूरी है। निर्धारित समय में रनवे से विमानों की लैंडिंग और टेकऑफ नहीं हो सकेगा।
रखरखाव के दौरान रनवे की सतह की मजबूती की जांच की जाएगी। इसके अलावा लाइटिंग सिस्टम, दिशा बताने वाली मार्किंग और जल निकासी व्यवस्था का भी निरीक्षण किया जाएगा। जरूरत के मुताबिक इनकी मरम्मत और सुधार का काम पूरा किया जाएगा।
मानसून के दौरान बारिश और नमी का असर रनवे की सतह तथा उससे जुड़ी व्यवस्थाओं पर पड़ सकता है। ऐसे में सुरक्षित उड़ान संचालन के लिए मानसून के बाद इस तरह का वार्षिक रखरखाव किया जाता है।
हवाई अड्डा प्रबंधन ने यात्रियों को होने वाली संभावित असुविधा कम करने के लिए करीब छह महीने पहले ही संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय शुरू कर दिया था। एयरलाइंस और पायलटों को भी इस बारे में पहले से सूचना जारी की गई है।
इससे विमानन कंपनियों को अपनी उड़ानों के समय में बदलाव करने और परिचालन से जुड़े कर्मचारियों की ड्यूटी व्यवस्थित करने के लिए पर्याप्त समय मिल गया है।
मुंबई एयरपोर्ट दुनिया के सबसे व्यस्त सिंगल रनवे हवाई अड्डों में गिना जाता है। यहां रोजाना करीब 950 से 1,000 उड़ानों का संचालन होता है। प्रतिदिन लगभग डेढ़ लाख से पौने दो लाख यात्री इस हवाई अड्डे से सफर करते हैं। ऐसे में छह घंटे का यह ब्लॉक विमानन कंपनियों और यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण है। यात्रियों को सलाह है कि वे अपनी उड़ान से जुड़ी जानकारी के लिए संबंधित एयरलाइन से संपर्क करें।