Mumbai Airport Blinkit Quick Commerce Service: अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स ने क्विक कॉमर्स कंपनी ब्लिंकिट के साथ साझेदारी में बुधवार को मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर भारत की पहली 'इन-टर्मिनल' क्विक कॉमर्स सेवा शुरू करने की घोषणा की।
यह सेवा वर्तमान में टर्मिनल-2 के घरेलू प्रस्थान क्षेत्र में शुरू हो गई है, जिसके माध्यम से ऐप आधारित वितरण सेवा को सीधे हवाई अड्डे के भीतर उपलब्ध कराया गया है। इस सुविधा के तहत यात्री ब्लिंकिट ऐप के माध्यम से अपनी जरूरत का सामान मंगवा सकते हैं। यह सामान हवाई अड्डे के भीतर बोर्डिंग गेट, लाउंज, फूड कोर्ट और कुछ चुनिंदा केंद्रों पर सीधे यात्री के स्थान तक पहुंचाया जाएगा।
ब्लिंकिट के सीईओ के अनुसार यह दुनिया का पहला एयरपोर्ट है, जहां इस तरह क्विक कॉमर्स सुविधा शुरू की गई है। एयरपोर्ट जैसे हाई-ट्रैफिक और सिक्योरिटी हैवी एरिया में इस मॉडल को लागू करना अपने आप में एक बड़ा ऑपरेशनल कदम माना जा रहा है।
ये भी पढ़ें :- मुंबई में अंतरराष्ट्रीय तनाव का फायदा उठाकर ठगी, ‘गैस अधिकारी’ बनकर लोगों को बनाया शिकार
इससे कंपनी को नए यूज केस और ग्राहक अनुभव को बेहतर बनाने का मौका मिलेगा। इस सर्विस का इस्तेमाल करने के लिए यात्रियों को अपने ब्लिंकिट ऐप को अपडेट करना होगा। इसके बाद वे एयरपोर्ट के अंदर से ही ऐप के जरिए ऑर्डर प्लेस कर सकते हैं। ऑर्डर मिलने के बाद टीम टर्मिनल के भीतर ही तय लोकेशन पर डिलीवरी करेगी। यह पूरा प्रोसेस तेज और आसान बनाया गया है।