महाराष्ट्र एसटी को इलेक्ट्रिक बस परियोजना से 168 करोड़ रुपये का घाटा होने का दावा।
कर्मचारी कांग्रेस ने सरकार से प्रति किलोमीटर 20-25 रुपये सब्सिडी मांगी।
नवंबर 2026 तक एसटी बेड़े में शामिल हुईं केवल 1,300 इलेक्ट्रिक बसें।
संगठन ने परियोजना का घाटा भरने या इसे बंद करने की मांग की।
मांगें नहीं मानी गईं तो एसटी कर्मचारी सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे।
Maharashtra MSRTC Electric Bus Loss 168 Crore: एसटी को इलेक्ट्रिक बस परियोजना के कारण अक्टूबर 2026 तक 168 करोड़ रुपए का घाटा होने का दावा महाराष्ट्र एसटी कर्मचारी कांग्रेस ने किया है। संगठन ने गुजरात और उत्तर प्रदेश की तर्ज पर राज्य सरकार से प्रति किलोमीटर 20 से 25 रुपए सब्सिडी देने की मांग की है।
इस मांग को लेकर राज्यभर के जिलाधिकारियों को ज्ञापन सौंपे जाएंगे। संगठन के महासचिव श्रीरंग बरगे ने कहा कि सरकार इलेक्ट्रिक बसों से होने वाले घाटे की भरपाई करे या फिर इस परियोजना को बंद करे। बरगे के मुताबिक एसटी की इलेट्रिक बसों के संचालन में औसतन प्रति किलोमीटर 16 रुपए का घाटा हो रहा है।
अक्टूबर 2026 तक यह नुकसान 168 करोड़ रुपए तक पहुंच गया है। गुजरात और उत्तर प्रदेश सरकारें इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए प्रति किलोमीटर औसतन 20 से 25 रुपए की आर्थिक सहायता देती हैं। महाराष्ट्र सरकार को भी इसी तर्ज पर मदद देनी चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार का लक्ष्य 2047 तक सड़कों पर पर्यावरण अनुकूल वाहन उतारने का है लेकिन इलेक्ट्रिक बसों के संचालन में होने वाले नुकसान की भरपाई के लिए वायबिलिटी गैप फंडिंग उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है।
इस परियोजना का उद्घाटन 13 फरवरी 2024 को ठाणे शहर में तत्कालीन मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने किया था। मई 2025 तक 1,288 और मई 2026 तक कुल 5,150 इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया था।
हालांकि नवंबर 2026 तक एसटी के बेड़े में केवल 1,300 बसें ही शामिल हो सकी हैं। परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने बस आपूर्तिकर्ता कंपनी के साथ बैठक कर नई समयसीमा तय की थी। इसके बावजूद बसों की आपूर्ति लक्ष्य के अनुरूप नहीं हुई है।
बरगे का दावा है कि इस परियोजना से एसटी की आर्थिक मुश्किलें बढ़ गई हैं। दैनिक कामकाज के लिए फंड की कमी हो रही है, जिसका असर कर्मचारियों के वेतन, भत्तों और वेतनवृद्धि के बकाया भुगतान पर भी पड़ रहा है।
संगठन ने मांग की है कि सरकार इलेक्ट्रिक बस परियोजना रद्द कर एसटी को अपनी बसें खरीदने की अनुमति दे या फिर परियोजना से हुए पूरे नुकसान की भरपाई करे। मांगों पर तत्काल निर्णय नहीं होने पर आंदोलन के दूसरे चरण में कर्मचारियों के सड़कों पर उतरने की चेतावनी भी दी गई है।