सांसद संजय दीना पाटील ने आम नागरिकों की शिकायतें और समस्याएं सुनीं
कई समस्याओं का मौके पर समाधान और फॉलोअप का भरोसा
दीना बामा पाटील की जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की
Sanjay Dina Patil Public Grievance Redressal: उत्तर-पूर्व मुंबई के सांसद संजय दीना पाटील ने मंगलवार को भांडुप स्थित अपने जनसंपर्क कार्यालय में नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान विभिन्न समस्याओं और परेशानियों को लेकर बड़ी संख्या में नागरिक उनसे मिलने पहुंचे। सांसद ने प्रत्येक नागरिक की बात ध्यानपूर्वक सुनी और उनकी समस्याओं को समझा। इनमें से कई मामलों में तत्काल कार्रवाई करते हुए कुछ समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया। इससे नागरिकों ने संतोष व्यक्त करते हुए सांसद का आभार माना।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के सांसद संजय दीना पाटील ने कहा कि नागरिकों की कुछ समस्याओं का समाधान संबंधित सरकारी विभागों, प्रशासन और स्थानीय एजेंसियों के माध्यम से किया जाना आवश्यक है। ऐसे मामलों में संबंधित अधिकारियों से चर्चा की जाएगी। जरूरत पड़ने पर पत्राचार कर समस्याओं के समाधान के लिए लगातार फॉलोअप भी किया जाएगा।
सांसद संजय दीना पाटील ने कहा कि नागरिकों के प्रत्येक सवाल और समस्या का उचित समाधान कराना उनकी प्राथमिकता है। लंबित समस्याओं को दूर करने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।
नागरिकों की परेशानियों को समझने और उनके प्रभावी समाधान के लिए इस तरह के जनसंवाद कार्यक्रम आगे भी नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नागरिकों और जनप्रतिनिधियों के बीच सीधे संवाद को और मजबूत करते हुए आम लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता दी जाएगी।
इस बीच, कामगार नेता और सांसद संजय दीना पाटील के पिता दिवंगत दीना बामा पाटील की जयंती के अवसर पर विधान परिषद के उपसभापति सचिन अहीर ने भांडुप स्थित जनसंपर्क कार्यालय का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने दीना बामा पाटील की तस्वीर पर पुष्पहार अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
बता दें कि मुंबई उत्तर-पूर्व से सांसद संजय दीना पाटिल ने हाल ही में उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (यूबीटी) छोड़कर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की शिवसेना का दामन थामा है।