Dengue Cases Mumbai: मुंबई में मानसून के बीच मच्छरों का 'मलेरिया वार' तेज हो गया है। शहर में इस साल 15 अगस्त तक मलेरिया के 3,277 रोगी सामने आए हैं, जो पिछले साल की समान अवधि के 2,852 मामलों से 425 अधिक हैं। इसके साथ ही स्वाइन फ्लू के मामलों में भी भारी उछाल दर्ज किया गया है। पिछले साल 15 अगस्त तक दर्ज 72 मरीजों की तुलना में इस वर्ष एचाएन। के मामले चार गुना से अधिक बढ़कर 309 हो गए हैं।
हालांकि, डेंगू, चिकनगुनिया और लेप्टोस्पायरोसिस के मामलों में कमी आने से कुछ राहत मिली है। डेंगू के मामले 1,227 से घटकर 1,079, चिकनगुनिया के 279 से घटकर 33, लेप्टो के 332 से घटकर 189 तथा गैस्ट्रो के मामले 2,274 से घटकर 1,752 रह गए हैं। कोविड-19 के मामले भी 668 से घटकर 124 दर्ज किए गए हैं।
बीमारियों पर नियंत्रण के लिए मुंबई मनपा ने घर-घर सर्वेक्षण, रक्त जांच और वेक्टर नियंत्रण अभियान तेज कर दिया है। 1 से 15 अगस्त तक 5,63,382 घरों का सर्वेक्षण कर 26,84,828 लोगों की जांच की गई।
इस दौरान 32,185 रक्त नमूने लिए गए और 24 स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए। लेप्टोस्पायरोसिस से बचाव के लिए 10,452 नागरिकों को निवारक उपचार दिया गया है।
डेंगू-मलेरिया नियंत्रण के तहत 4,44,349 संभावित प्रजनन स्थलों की जांच की गई, जिनमें 22,227 स्थानों पर एडीज मच्छरों तथा 3,399 स्थानों पर एनोफिलीज मच्छरों के प्रजनन स्थल मिले।
इसके अलावा 4,17,168 परिसरों व झोपड़ियों में फॉगिंग की गई और 2,177 चूहे पकड़े/मारे गए। मनपा ने नागरिकों से जलजमाव न होने देने, मच्छरदानी का इस्तेमाल करने, पानी उबालकर पीने तथा बुखार होने पर तत्काल डॉक्टर से संपर्क करने की अपील की है।