मुंबई. महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में एक व्यवसायी ने बांद्रा वर्ली सी लिंक से कूदकर आत्महत्या कर ली। इससे पहले वह अपने 22 वर्षीय बेटे के साथ व्हाट्सऐप वीडियो कॉल पर बात कर रहा था। मुंबई पुलिस ने गुरुवार को इस बात की पुष्टि की है। मृतक की पहचान घाटकोपर निवासी भावेश नागिन सेठ (56) के रूप हुई है।
मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि व्यक्ति ने कॉल पर अपने बेटे से आत्महत्या करने की बात कही थी। उन्होंने कहा कि भावेश नागिन सेठ ने पैसों की तंगी के कारण यह कदम उठाया होगा। उन्होंने कहा, "एक नोट मिला है, जिसमें सेठ ने अपने बेटे के लिए लिखा-सॉरी बेटा, मैं आत्महत्या करने जा रहा हूं। परिवार का ध्यान रखना।"
अधिकारी ने कहा, "घटना बुधवार अपराह्न सवा तीन बजे हुई। सेठ ने एक कार चालक से टोल प्लाजा पर यह कहकर लिफ्ट ली थी कि उनकी गाड़ी खराब हो गई है। वह बीच रास्ते में उतर गए और उन्होंने अपने बेटे को वीडियो कॉल कर बताया कि वह जान देने जा रहे हैं। उसके बाद सेठ ने समुद्र में छलांग लगा दी। सेठ के बेटे ने पुलिस को सूचित किया, जिसके करीब तीन घंटे बाद शव को बाहर निकाला गया।" उन्होंने बताया कि बांद्रा थाने में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि अब तक करीब 30 लोगों ने सी लिंक से कूदकर आत्महत्या की है। हालांकि आत्महत्याओं के बढ़ते मामलों को रोकने के लिए मुंबई पुलिस और प्रशासन हर मुमकिन प्रयास कर रहे है, बावजूद यहां से कूदने वालों की संख्या में किसी तरह की कोई कमी नहीं हो रही है।