एकनाथ शिंदे  सोर्स- सोशल मीडिया
मुंबई

वेट एंड वॉच 3.0 के वायरल पोस्टर से महाराष्ट्र की सियासत में हलचल, फिर चर्चा में आया ऑपरेशन टाइगर

Maharashtra Politics News: एकनाथ शिंदे की वेट एंड वॉच 3.0 पोस्ट वायरल होने से महाराष्ट्र में ऑपरेशन टाइगर 3.0' की अटकलें तेज, ठाकरे गुट पर नजर।

रूपम सिंह

Highlights

  • एकनाथ शिंदे की तस्वीर के साथ 'वेट एंड वॉच 3.0' संदेश वायरल।

  • उद्धव ठाकरे गुट के विधायकों के टूटने की अटकलें तेज।

  • ऑपरेशन टाइगर 3.0 को लेकर महाराष्ट्र के सियासी गलियारों में चर्चा।

Maharashtra Politics Operation Tiger 3.0: महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर ऑपरेशन टाइगर को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। सोशल मीडिया पर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की तस्वीर के साथ 'वेट एंड वॉच 3.0' लिखा संदेश वायरल होने के बाद राजनीतिक गलियारों में नई अटकलें शुरू हो गई हैं।

चर्चा है कि क्या शिंदे एक बार फिर उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना को राजनीतिक झटका देने की तैयारी में हैं? हालांकि, इस वायरल संदेश के पीछे की रणनीति या किसी संभावित राजनीतिक कदम को लेकर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

40 विधायकों के साथ की थी बगावत

एकनाथ शिंदे ने वर्ष 2022 में शिवसेना के करीब 40 विधायकों के साथ तत्कालीन मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के नेतृत्व के खिलाफ बगावत की थी। इसके बाद उन्होंने बीजेपी के साथ मिलकर महाराष्ट्र में महायुति सरकार बनाई थी। इस घटनाक्रम के बाद शिवसेना दो गुटों में बंट गई थी। शिंदे गुट को पार्टी का नाम और चुनाव चिह्न भी मिला।

ऑपरेशन टाइगर 2.0 में छह सांसद आए थे साथ

इसके बाद लोकसभा चुनाव के दौरान शिवसेना के दोनों गुटों के बीच राजनीतिक प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। चुनाव में उद्धव ठाकरे गुट के नौ सांसद चुने गए थे। बाद में शिंदे गुट ने ठाकरे गुट के छह सांसदों को अपने साथ कर लिया।

इस घटनाक्रम को राजनीतिक हलकों में ऑपरेशन टाइगर 2.0 के नाम से चर्चा मिली। शिंदे गुट के नेताओं ने उस समय दावा किया था कि ठाकरे गुट के कुछ विधायक भी उनके संपर्क में हैं। हालांकि, ठाकरे गुट के नेताओं ने इन दावों को खारिज किया था।

अब विधायकों पर नजर होने की अटकलें

सोशल मीडिया पर 'वेट एंड वॉच 3.0' संदेश सामने आने के बाद चर्चा है कि शिंदे गुट की नजर अब उद्धव ठाकरे गुट के विधायकों पर हो सकती है। हालांकि, फिलहाल किसी विधायक के पाला बदलने या किसी नए अभियान की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। शिंदे पहले भी कह चुके हैं कि वे अपनी राजनीतिक योजनाओं का खुलासा पहले से नहीं करते, बल्कि सीधे कदम उठाते हैं।

दोनों शिवसेना और राकांपा में भी हलचल

महाराष्ट्र में इस समय दोनों शिवसेना गुटों के संभावित साथ आने को लेकर भी राजनीतिक चर्चाएं जारी हैं। वहीं, दोनों राकांपा गुटों के विलय की संभावनाओं के बीच अजित पवार गुट के कुछ विधायकों की पार्थ पवार से नाराजगी की खबरें भी सामने आई हैं। ऐसे में ऑपरेशन टाइगर 3.0 के वायरल संदेश ने राज्य की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है। फिलहाल सभी की नजरें शिंदे गुट के अगले राजनीतिक कदम पर टिकी हैं।

छठ पूजा से ₹65,000 करोड़ की होगी कमाई! UP, बिहार-झारखंड समेत इन राज्यों की चमकेगी अर्थव्यवस्था

IndiGo की पुणे-गुवाहाटी फ्लाइट में तकनीकी खराबी, उड़ान भरने के बाद एयरपोर्ट लौटा विमान

सोनिया गांधी की किताब पर सियासी घमासान, दिल्ली में विमोचन पर जुटेंगे कई दिग्गज; राजनीतिक संदेश देने की तैयारी

आगामी चुनाव से पहले अभिजीत दीपके ने पसारे पैर, CJP ने यूपी-बिहार समेत 10 राज्यों में बनाई समितियां

भारत समिट: राहुल गांधी के समर्थन में खुलकर बोले यूरोपियन सोशलिस्ट्स के महासचिव, केंद्रीय मंत्री ने उठाए सवाल