Highlights:
महाराष्ट्र के मंत्री गिरीश महाजन ने आर्थिक रूप से सक्षम किसानों से दिवाली पर मिली 5 हजार रुपए की सहायता राशि स्वेच्छा से लौटाने की अपील की।
एनसीपी (शरद पवार गुट) के विधायक रोहित पवार ने इस बयान की आलोचना करते हुए कहा कि संकट के समय किसानों को इतनी कम सहायता मिली और अब उसे भी वापस मांगने की बात हो रही है।
महाजन के मुताबिक, सक्षम किसान अपनी इच्छा से 5 हजार रुपए मुख्यमंत्री सहायता निधि में जमा कर सकते हैं, ताकि जरूरतमंद किसानों की मदद की जा सके।
Maharashtra Farmers Aid Controversy: महाराष्ट्र की सियासत में बीजेपी नेता और मंत्री गिरीश महाजन का एक बयान चर्चा का केंद्र बन गया है। मंत्री महाजन ने सक्षम किसानों से दिवाली पर दी गई 5 हजार रुपए की सहायता राशि वापस करने की अपील की थी। इस बयान के सामने आने के बाद एनसीपी (शरद पवार गुट) के विधायक रोहित पवार ने तीखा हमला बोला है। रोहित पवार ने महाजन के बयान की आलोचना करते हुए कहा कि संकट के इस दौर में किसानों को दी गई यह बेहद मामूली मदद थी और अब सरकार इसे भी वापस मांग रही है।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि 5 हजार रुपए देकर सरकार ने किसानों का मजाक उड़ाया है, जबकि खेतिहर मजदूरों को कोई राहत नहीं दी गई। उन्होंने नासिक महाकुंभ में हजारों करोड़ रुपए के भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार में बैठे लोगों को गरीब किसानों की मदद करने में शर्म आ रही है और जनता इन्हें सही वक्त पर जवाब देगी।
मंत्री महाजन की इस अपील को विपक्षी नेताओं ने किसानों का अपमान बताते हुए बड़ा राजनीतिक मुद्दा बना लिया है। राज्य में आगामी दिनों में इस मुद्दे पर सियासी उबाल और तेज होने के पूरे आसार हैं।
दरअसल, मंत्री गिरीश महाजन ने कहा था कि राज्य सरकार ने दिवाली के मौके पर किसानों को 5 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी थी। महाजन के अनुसार, कई किसानों ने उनसे मिलकर यह कहा कि उन्हें इस राशि की जरूरत नहीं है और वे इसे लौटाना चाहते हैं। इसी आधार पर मंत्री ने आर्थिक रूप से सक्षम किसानों से अपील की थी कि वे स्वेच्छा से यह रकम मुख्यमंत्री सहायता निधि में जमा कर दें, ताकि इसका उपयोग बेहद जरूरतमंद और तंगी से जूझ रहे गरीब किसानों की मदद के लिए किया जा सके।
सक्षम किसानों से पांच हजार रुपए वापस मांगने के मुद्दे पर महाजन के बयान की निंदा हो रही है। रोहित पवार ने मंत्री महाजन के बयान को किसानों का अपमान बताते हुए सरकार को जमकर घेरा।