CM Devendra Fadnavis On Maharashtra Drought Alert: महाराष्ट्र में संभावित सूखे की स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राज्य प्रशासन को अलर्ट रहने के सख्त निर्देश दिए हैं।
मंत्रिमंडल बैठक में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने स्पष्ट कहा कि सूखे की किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सभी विभाग अभी से पूरी तैयारी करें। सूत्रों के अनुसार, इस वर्ष मानसून के आगमन में देरी की संभावना जताई जा रही है। अनुमान है कि मानसून जून के अंतिम सप्ताह में राज्य में प्रवेश कर सकता है।
इसी कारण मुख्यमंत्री ने पहले से ही एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य को संभावित जल संकट और सूखे की स्थिति के लिए पूरी तरह तैयार रहना होगा। उन्होंने विशेष रूप से कृषि, जल संसाधन और आपदा प्रबंधन विभागों को समन्वय के साथ काम करने को कहा है।
मौसम विभाग की प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, इस वर्ष 'एल नीनो' प्रभाव के कारण मानसून की रफ्तार धीमी रह सकती है और वर्षा का आगमन 20 जून तक टलने की संभावना है। इसके साथ ही मई और जून के महीनों में हीटवेव यानी भीषण गर्मी की लहरें चलने का अनुमान जताया गया है।
ये भी पढ़ें :- Maharashtra Labour Law: महाराष्ट्र में श्रम कानूनों में बड़ा बदलाव, 300 कर्मचारियों तक छंटनी आसान
महाराष्ट्र में सूखा एक गंभीर और आवर्ती समस्या है, जो मुख्य रूप से मराठवाड़ा और विदर्भ क्षेत्रों को प्रभावित करती है, जहां 70% से अधिक हिस्सा अक्सर सूखे की चपेट में होता है। मानसून पर अत्यधिक निर्भरता, जल-गहन गन्ने की खेती और जलवायु परिवर्तन के कारण जल स्तर में भारी गिरावट और कृषि को नुकसान होता है, जिससे ग्रामीण पलायन बढ़ता है।