प्रताप सरनाईक (सोर्सः सोशल मीडिया)
मुंबई

सूखा प्रभावित एक लाख किसानों को मिलेगा ऑटोरिक्शा ! परिवहन मंत्री सरनाईक की पहल पर नई योजना का ऐलान

Drought Affected Farmers: महाराष्ट्र सरकार सूखा प्रभावित किसानों के लिए 'अनाथांचा नाथ सूखा प्रभावित किसान रिक्शा सम्मान योजना' शुरू करने जा रही है।

सूर्यप्रकाश मिश्र, आंचल लोखंडे

Highlights:

  • महाराष्ट्र सरकार ने सूखा प्रभावित किसान परिवारों को ऑटोरिक्शा उपलब्ध कराने के लिए नई योजना घोषित की है।

  • योजना के तहत राज्य के 310 से अधिक सूखा प्रभावित तालुकों के एक लाख किसानों को लाभ देने का लक्ष्य रखा गया है।

  • पहले वर्ष में 20 हजार पात्र किसानों को ऑटोरिक्शा देने की योजना है।

  • ऑटोरिक्शा की कीमत का 10 प्रतिशत हिस्सा वेलफेयर बोर्ड सब्सिडी देगा, जबकि 90 प्रतिशत राशि बैंक ऋण से मिलेगी।

Maharashtra Farmers Scheme: महाराष्ट्र सरकार के परिवहन विभाग ने राज्य के सूखा प्रभावित किसान परिवारों को आर्थिक संबल देने और उनकी आय के नए रास्ते खोलने के लिए एक महत्वपूर्ण घोषणा की है। राज्य के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक की पहल पर 'अनाथांचा नाथ सूखा प्रभावित किसान रिक्शा सम्मान योजना' के तहत राज्य के एक लाख सूखा प्रभावित किसानों को ऑटोरिक्शा उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।

परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक के अनुसार योजना में महाराष्ट्र के 310 से अधिक सूखा प्रभावित तालुकों के छोटे और सीमांत किसान परिवारों को प्राथमिकता दी जाएगी। सरनाईक का मानना है कि लगातार पड़ने वाले सूखे, अनियमित मौसम, फसलों के उचित दाम नहीं मिलने और खेती की बढ़ती लागत के कारण किसानों के सामने आर्थिक चुनौतियां बढ़ रही हैं। ऐसे में केवल कृषि आय पर निर्भर रहने के बजाय उन्हें रोजगार का एक अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध कराना इस योजना का मुख्य उद्देश्य है। यह योजना गरीब किसानों के लिए गेम चेंजर साबित हो सकती है।

9 फरवरी को सौंपी जाएंगी ऑटोरिक्शा की चाबियां

परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक के अनुसार, योजना के तहत चयनित लाभार्थियों को 9 फरवरी 2027 को ऑटोरिक्शा की चाबियां सौंपी जाएंगी। यह कार्यक्रम उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित किया जाएगा।

योजना का क्रियान्वयन महाराष्ट्र परिवहन विभाग और धर्मवीर आनंद दिघे महाराष्ट्र पैसेंजर ट्रांसपोर्ट ड्राइवर्स वेलफेयर बोर्ड के माध्यम से किया जाएगा। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के मार्गदर्शन तथा उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार के सहयोग से इस पहल को आगे बढ़ाया जाएगा। उल्लेखनीय है कि उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को 'अनाथों के नाथ,एकनाथ' ऐसी संज्ञा दी जाती है।

पहले साल 20 हजार किसानों को लाभ देने का लक्ष्य

राज्य सरकार ने योजना के पहले वर्ष में 20 हजार पात्र किसानों को ऑटोरिक्शा उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया है। 310 से अधिक सूखा प्रभावित तालुकों में औसतन प्रत्येक तालुका से करीब 60 लाभार्थियों का चयन किया जाएगा। यदि किसी तालुका में पात्र आवेदकों की संख्या निर्धारित लक्ष्य से कम रहती है, तो बची हुई गाड़ियों का आवंटन उसी जिले के अन्य तालुकों के पात्र किसानों को किया जाएगा।

10 प्रतिशत सब्सिडी, 90 प्रतिशत बैंक से मिलेगा कर्ज

योजना की खास बात यह है कि ऑटोरिक्शा की कुल कीमत का 10 प्रतिशत हिस्सा वेलफेयर बोर्ड सब्सिडी के रूप में देगा, जबकि शेष 90 प्रतिशत राशि बैंक ऋण के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए राष्ट्रीयकृत बैंकों, अनुसूचित बैंकों और अन्य वित्तीय संस्थानों से कर्ज लिया जा सकेगा। बैंक से ऋण मंजूर होने के बाद बोर्ड अपनी ओर से सब्सिडी जारी करेगा। वाहन की खरीद के लिए राशि सीधे अधिकृत डीलर को दी जाएगी।

कंप्यूटराइज्ड लॉटरी से होगा लाभार्थियों का चयन

योजना के लिए वेलफेयर बोर्ड विज्ञापन जारी कर आवेदन आमंत्रित करेगा। प्राप्त आवेदनों और दस्तावेजों की जांच के बाद पात्र उम्मीदवारों की अंतिम सूची तैयार की जाएगी। इसके बाद कंप्यूटराइज्ड लॉटरी के माध्यम से लाभार्थियों का चयन होगा। चयनित आवेदकों के प्रस्ताव बैंक को भेजे जाएंगे और ऋण मंजूरी मिलने के बाद वाहन खरीद की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

कौन उठा सकता है योजना का लाभ?

योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक सूखा प्रभावित क्षेत्र का छोटा या सीमांत किसान अथवा किसान परिवार का पात्र सदस्य होना चाहिए। परिवार के नाम पर कृषि भूमि होने का दस्तावेजी प्रमाण जरूरी होगा।

आवेदक को पहले इसी तरह की किसी सरकारी योजना का लाभ नहीं मिला होना चाहिए। इसके अलावा वैध ड्राइविंग लाइसेंस,बैज या नियमानुसार उसे प्राप्त करने की पात्रता और बैंक की ऋण संबंधी शर्तों को पूरा करना भी आवश्यक होगा। सरकार की इस पहल से सूखे और खेती की अनिश्चितता से जूझ रहे किसान परिवारों को परिवहन व्यवसाय के माध्यम से अतिरिक्त आय अर्जित करने का अवसर मिल सकता है।

LIVE: केंद्रीय कैबिनेट की बैठक शुरू, महिला आरक्षण बिल और परिसीमन विधेयक को मिल रहा कई पार्टियों का समर्थन

शरद पवार गुट ने जारी की थ्री-लाइन व्हिप, 30 नवंबर से 4 दिसंबर तक सभी सांसदों की लोकसभा हाजिरी अनिवार्य

परिसीमन बिल पर महाराष्ट्र से लगेगी मोदी सरकार की नैया पार! उद्धव-शरद पवार के बाद कांग्रेस पर बीजेपी की नजर

संसद का विशेष सत्र कब और कौन बुलाता है? 6 महीने के नियम से लेकर विशेष बैठक तक, समझें संविधान का पूरा गणित

दिल्ली हाईकोर्ट से झटका, सुप्रीम कोर्ट से राहत; नरेश बाल्यान को MCOCA केस में मिली जमानत