

केनरा बैंक में ₹27.11 करोड़ के कथित फ्रॉड पर CBI की जांच।
बैंक के 6 पूर्व अधिकारियों समेत 8 आरोपी।
जुलाई 2021 से सितंबर 2025 के बीच 420 लोन मंजूर।
फर्जी हस्ताक्षरों से रकम निकालने का आरोप।
बिना जरूरी जांच और सत्यापन के लोन मंजूर किए गए।
सूरत शाखा में कथित धोखाधड़ी का मामला दर्ज।
CBI Mumbai Canara Bank Fraud: केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की मुंबई इकोनॉमिक ऑफेंस ब्रांच ने केनरा बैंक में 27.11 करोड़ रुपये के कथित धोखाधड़ी मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस मामले में बैंक के छह तत्कालीन अधिकारियों सहित कुल आठ लोगों को आरोपी बनाया गया है। इनमें एक बिचौलिया और एक वेंडर भी शामिल हैं।
सीबीआई के अनुसार, कथित धोखाधड़ी जुलाई 2021 से सितंबर 2025 के बीच केनरा बैंक की सूरत शाखा में हुई। इस दौरान कृषि, डेयरी और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) से जुड़े 420 लोन मंजूर किए गए और वितरित किए गए।
जांच में आरोप है कि बिचौलियों ने फर्जी हस्ताक्षरों के जरिए निकासी पर्चियां और ट्रांसफर वाउचर तैयार किए। इसके माध्यम से लोन मंजूर होने के दिन ही नकदी निकाली जाती थी या रकम दूसरे खातों में ट्रांसफर कर दी जाती थी। कुछ मामलों में आवेदकों की मांग से अधिक राशि का लोन भी स्वीकृत किया गया।
सीबीआई मुंबई की एफआईआर के मुताबिक, आरोपी बैंक अधिकारियों ने अनिवार्य जांच प्रक्रियाओं का पालन नहीं किया। कई लोन बिना रकम के वास्तविक उपयोग और गिरवी रखी गई संपत्ति के सत्यापन के मंजूर किए गए। इसके अलावा लोन स्वीकृति से पहले और बाद में की जाने वाली साइट विजिट भी नहीं की गई।
आरोप है कि इस कथित मुंबई शहर धोखाधड़ी से बैंक को 27.11 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ और आरोपियों को अवैध लाभ पहुंचा। कई मामलों में कर्जदारों के हस्ताक्षर जाली पाए गए। लोगों को बैंक शाखा आए बिना अधूरे या कम विवरण वाले लोन फॉर्म पर हस्ताक्षर करने के लिए प्रेरित किया गया।
जांच में यह भी आरोप लगाया गया है कि बिचौलियों के करीबी रिश्तेदारों, परिवार के सदस्यों और परिचितों के नाम पर लोन खाते खोले गए। कई दस्तावेजों पर कथित तौर पर फर्जी हस्ताक्षर किए गए। सीबीआई अब मामले में शामिल लोगों, लोन खातों और धन के लेन-देन की कड़ियों की जांच कर रही है।