लक्ष्मी पूजन मुंबई ठाणे रॉकेट पटाखे बैन सोर्स: सोशल मीडिया
मुंबई

दिवाली की रात मुंबई-ठाणे-भिवंडी में आग की घटनाएं, फैक्ट्री और चॉल की 5 कमरे जले; रॉकेट पटाखों पर प्रतिबंध

Mumbai Thane Fire: लक्ष्मीपूजन की रात ठाणे, मुंबई और भिवंडी में आग की कई घटनाएं हुईं। रहेजा गार्डन की 17 मंजिला इमारत से लेकर भिवंडी की दुकान, फैक्ट्री और चॉल तक आग से नुकसान हुआ।

मनीषा बोंदरे

Highlights

  • लक्ष्मीपूजन की रात ठाणे, मुंबई और भिवंडी में आग की कई घटनाएं सामने आईं।

  • ठाणे के रहेजा गार्डन परिसर की 17 मंजिला इमारत में लगी आग से मची अफरा-तफरी।

  • भिवंडी में बैग की दुकान, लकड़ी के बैट बनाने वाली फैक्ट्री और चॉल में आग।

  • गौरीपाड़ा में चॉल के पहले माले के 5 कमरे जलकर खाक

Rocket Crackers Ban In Mumbai Thane: लक्ष्मीपूजन की रात ठाणे, मुंबई और भिवंडी में आग की कई घटनाओं से हड़कंप मच गया। ठाणे के रहेजा गार्डन की 17 मंजिला इमारत में आग लगी, जबकि भिवंडी में दुकान, बैट फैक्ट्री और चॉल के पांच कमरे जल गए। हादसों के बाद ठाणे जिले में रॉकेट और हवा में उड़ने वाले खतरनाक पटाखों पर प्रतिबंध लगाया गया।

मुंबई-ठाणे और भिवंडी में आग का तांडव

मुंबई, दिवाली के उत्साह के बीच लक्ष्मीपूजन की रात मुंबई, ठाणे और भिवंडी में आग लगने की कई घटनाएं सामने आईं। पटाखों की चिंगारी और जलते दीयों के कारण अलग-अलग स्थानों पर आग भड़क उठी। ठाणे के रहेजा गार्डन परिसर की 17 मंजिला इमारत में लगी आग ने पूरे इलाके में दहशत पैदा कर दी। वहीं, भिवंडी में दुकान, कारखाने और चॉल के कमरों को आग से भारी नुकसान पहुंचा। राहत की बात रही कि दमकल और आपदा प्रबंधन टीमों की तत्परता से इन घटनाओं में बड़ी जनहानि टल गई।

रहेजा गार्डन की इमारत में छह घंटे तक मशक्कत

ठाणे के पॉश रहेजा गार्डन परिसर की 17 मंजिला इमारत में आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की गंभीरता को देखते हुए अग्निशमन दल और आपदा प्रबंधन विभाग ने मोर्चा संभाला। आग पर काबू पाने के लिए कई घंटों तक प्रयास किए गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने रात में घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

ठाणे जिले में रॉकेट पटाखों पर प्रतिबंध

इमारत में आग की घटना को गंभीरता से लेते हुए उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इसके बाद ठाणे के जिलाधिकारी श्रीकृष्ण पांचाल ने पूरे जिले में रॉकेट और हवा में उड़ने वाले खतरनाक पटाखों पर प्रतिबंध लागू किया। साथ ही अन्य पटाखे केवल खुले मैदानों में जलाने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।

भिवंडी में तीन जगह आग से नुकसान

भिवंडी में लक्ष्मीपूजन की रात तीन अलग-अलग स्थानों पर आग लगने की घटनाएं हुईं। गणेशनगर इलाके में एक बैग की दुकान में पूजा के बाद जलाए गए दीये से आग लग गई। देखते ही देखते दुकान में रखे बैग और अन्य सामान जलकर खाक हो गए।

एक अन्य घटना में पटाखे की चिंगारी लकड़ी के बैट बनाने वाले कारखाने तक पहुंच गई। आग ने कारखाने में रखी मशीनरी और लकड़ी के स्टॉक को अपनी चपेट में ले लिया। पास का एक पेड़ भी जल गया।

गौरीपाड़ा की चॉल के पांच कमरे जले

भिवंडी के गौरीपाड़ा इलाके में एक कबाड़ गोदाम में लगी आग आसपास की चॉल तक फैल गई। इससे चॉल की पहली मंजिल के पांच कमरे जलकर खाक हो गए। स्थानीय लोगों ने समय रहते दो घरों के परिवारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस वजह से किसी की जान नहीं गई।

लक्ष्मीपूजन की रात हुई इन घटनाओं ने त्योहारों के दौरान पटाखे जलाने और दीये रखने में सावधानी बरतने की जरूरत को फिर सामने ला दिया है।

मणिपुर में जनगणना पर हाई कोर्ट ने लगाई रोक, अप्रैल 2027 तक बढ़ाई मियाद, सामने आई बड़ी वजह

जनवरी में 5 राज्यों में चुनाव संभव, नए साल के पहले हफ्ते में हो सकते हैं चुनाव

दिवाली की बधाई में ईद का जिक्र करना मल्लिकार्जुन खरगे को पड़ा भारी, बीजेपी-कांग्रेस में छिड़ी जुबानी जंग

दिल्ली में AQI डेटा में हेरफेर, हेल्थ इमरजेंसी का बढ़ा खतरा, सौरभ भारद्वाज बोले- आंकड़े कम दिखा रही सरकार

पाकिस्तान से हैं क्या? दिवाली को ईद बताकर बुरे फंसे मल्लिकार्जुन खरगे, वायरल VIDEO पर भड़के सोशल मीडिया यूजर्स