मैटरनिटी अस्पताल में दौरे के दौरान (सोर्स: सोशल मीडिया)
मुंबई

केट मिडलटन ने मुंबई के मैटरनिटी अस्पताल का किया दौरा, प्रिंस विलियम के बिना पहुंचीं प्रिंसेस ऑफ वेल्स

Kate Middleton Mumbai Visit: भारत दौरे के अंतिम दिन मुंबई के नौरोजी वाडिया मैटरनिटी अस्पताल पहुंचीं प्रिंसेस ऑफ वेल्स केट मिडलटन। प्रिंस विलियम के बिना अकेले किया अस्पताल का दौरा।

गोरक्ष पोफली

Highlights

  • प्रिंसेस ऑफ वेल्स ने अकेले मुंबई के वाडिया मैटरनिटी अस्पताल का दौरा किया।

  • उन्होंने डॉक्टरों और गर्भवती महिलाओं से मिलकर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को समझा।

  • केट ने बच्चों के शुरुआती पांच वर्षों के मानसिक और भावनात्मक विकास पर जोर दिया।

Kate Midleton Nowrosjee Wadia Maternity Hospital Visit: ब्रिटेन के शाही परिवार की प्रिंसेस ऑफ वेल्स केट मिडलटन बुधवार, 18 नवंबर को मुंबई के नौरोजी वाडिया मैटरनिटी अस्पताल पहुंचीं। खास बात यह रही कि इस दौरान उनके पति और ब्रिटेन के प्रिंस विलियम उनके साथ नहीं थे। भारत दौरे के आखिरी दिन केट ने अकेले अस्पताल का दौरा किया। यहां उन्होंने डॉक्टरों, स्वास्थ्यकर्मियों, गर्भवती महिलाओं और परिवारों से मुलाकात कर भारत में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में जानकारी ली।

केट का यह कार्यक्रम मातृ स्वास्थ्य, नवजात शिशुओं की देखभाल और बच्चों के शुरुआती विकास पर केंद्रित रहा। उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों से बातचीत कर यह समझने की कोशिश की कि गर्भावस्था से लेकर बच्चे के जन्म और शुरुआती वर्षों तक महिलाओं और बच्चों को किस तरह की सुविधाएं दी जाती हैं।

केट मिडलटन लंबे समय से बच्चों के शुरुआती विकास और उनके मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों पर काम कर रही हैं। ऐसे में मुंबई के अस्पताल का दौरा उनके व्यक्तिगत सामाजिक अभियान से भी जुड़ा रहा।

4 साल बाद भारत दौरे पर आए प्रिंस विलियम और केट

प्रिंस विलियम और केट मिडलटन का यह संयुक्त विदेशी दौरा करीब चार साल बाद हो रहा है। इससे पहले दोनों 2022 में अमेरिका के बोस्टन गए थे। इस बार उनका तीन दिवसीय भारत दौरा मुख्य रूप से पर्यावरण संरक्षण और जलवायु से जुड़े मुद्दों पर केंद्रित रहा।

प्रिंस विलियम की भारत यात्रा का प्रमुख उद्देश्य उनके पर्यावरण अभियान 'अर्थशॉट प्राइज' को आगे बढ़ाना है। इस पहल के तहत दुनिया भर में पर्यावरण से जुड़ी समस्याओं के समाधान खोजने वाले लोगों और संगठनों को प्रोत्साहित किया जाता है।

मुंबई शहर में 17 नवंबर को अर्थशॉट प्राइज अवॉर्ड्स समारोह आयोजित किया गया। इसमें पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति से जुड़े नवाचारों पर चर्चा हुई। इस दौरान केट मिडलटन ने भी सार्वजनिक मंच से पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य के आपसी संबंधों पर अपनी बात रखी।

मैटरनिटी अस्पताल में दौरे के दौरान केट मिडलटन

बच्चों के शुरुआती पांच वर्षों पर केट का फोकस

केट मिडलटन ने वर्ष 2021 में रॉयल फाउंडेशन सेंटर फॉर अर्ली चाइल्डहुड की स्थापना की थी। इसके माध्यम से वह बच्चों के जीवन के शुरुआती पांच वर्षों के महत्व को लेकर जागरूकता बढ़ा रही हैं।

उनका मानना है कि बचपन के शुरुआती अनुभव, परिवार का माहौल और माता-पिता के साथ संबंध बच्चों के सामाजिक और भावनात्मक विकास को प्रभावित करते हैं। इसका असर उनके पूरे जीवन के स्वास्थ्य और व्यवहार पर पड़ सकता है।

इससे पहले मई में केट अकेले इटली के रेगियो एमिलिया शहर भी गई थीं। वहां उन्होंने बच्चों की शुरुआती शिक्षा और विकास के लिए अपनाए जाने वाले विशेष शैक्षणिक मॉडल का अध्ययन किया था। इस दौरान उन्होंने शिक्षकों, बच्चों और परिवारों से मुलाकात की थी।

1926 से महिलाओं को स्वास्थ्य सेवाएं दे रहा वाडिया अस्पताल

मुंबई का नौरोजी वाडिया मैटरनिटी अस्पताल वर्ष 1926 में शुरू हुआ था। यह अस्पताल अलग-अलग सामाजिक और आर्थिक पृष्ठभूमि की महिलाओं को किफायती स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराता है। यहां प्रसूति चिकित्सा, नवजात शिशुओं की देखभाल और स्त्री रोग से जुड़ी सुविधाएं दी जाती हैं।

केट के कार्यालय के प्रवक्ता के मुताबिक, बच्चों के शुरुआती वर्ष उनके पूरे जीवन की नींव होते हैं। इनसे जुड़े मुद्दे दुनियाभर में समान हैं। इसलिए भारत में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों को समझना इस दौरे का महत्वपूर्ण हिस्सा था।

इस तरह प्रिंस विलियम का भारत दौरा जहां पर्यावरण संरक्षण और अर्थशॉट प्राइज पर केंद्रित रहा, वहीं केट मिडलटन ने मातृ स्वास्थ्य और बच्चों के शुरुआती विकास से जुड़े अपने अभियान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाया।

पहले 2020, फिर 2035, अब 2047...इसके बाद 3000 आएगा! विकसित भारत के लक्ष्य पर राहुल का तंज

लतीफ भट को ढेर किए जाने पर गृह मंत्री अमित शाह ने की सुरक्षा बलों की तारीफ, कहा-ऑपरेशन में बेहतरीन तालमेल दिखा

QUAD समिट में पीएम मोदी ने जमीन से उठाया तिरंगे वाला मार्कर, ट्रंप बोले- सेव इट; VIDEO वायरल

शिवसेना नेताओं ने सोनिया गांधी की किताब फाड़ी, संजय निरुपम और शाइना एनसी ने की महाराष्ट्र में बैन की मांग

CM योगी दोनों कानों में कितने ग्राम के सोने के कुंडल पहनते हैं? जानें उनकी असली कीमत