Ravindra Wakode Protest At Azad Maidan: IIT बॉम्बे के दिवंगत छात्र साहिल वाकोडे के पिता, रवींद्र वाकोडे ने अपने बेटे को न्याय दिलाने की लड़ाई को अब सड़कों पर ला दिया है। उन्होंने मुंबई के आजाद मैदान में विरोध प्रदर्शन शुरू किया। रवींद्र वाकोडे का स्पष्ट कहना है कि जब तक उनके बेटे की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई नहीं होती और आरोपी प्रोफेसर को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक उनका यह आंदोलन जारी रहेगा।
साहिल के पिता रवींद्र वाकोडे को मुंबई पुलिस ने आजाद मैदान में शाम 6 बजे तक शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने की अनुमति दी है। हालांकि, रवींद्र वाकोडे ने कहा है कि जब तक उनके बेटे की मौत के जिम्मेदार लोगों को सजा नहीं मिल जाती, तब तक यह प्रदर्शन जारी रहेगा।
साहिल के पिता ने IIT बॉम्बे के प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि आरोपी प्रोफेसर को तुरंत गिरफ्तार किया जाए। रवींद्र वाकोडे का आरोप है कि संस्थान के भीतर उनके बेटे के साथ जातिगत भेदभाव और मानसिक उत्पीड़न किया गया, जिसके कारण उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। उन्होंने कहा कि जब तक मेरे बेटे की मौत के जिम्मेदारों को कानून के कटघरे में खड़ा कर सजा नहीं दी जाती, तब तक मेरा यह सत्याग्रह नहीं रुकेगा।
बता दें कि आईआईटी बॉम्बे में एनर्जी साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग में बीटेक के दूसरे वर्ष के छात्र साहिल वाकोडे ने 18 सितंबर को आत्महत्या की थी। साहिल को शव पवई कैंपस में अपने हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटका मिला था। साहिल ने यह आत्मघाती कदम मिड-सेमेस्टर परीक्षा के दौरान कथित तौर पर मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए पकड़े जाने के कुछ घंटों बाद उठाया था।
साहिल के परिवार ने पवई पुलिस स्टेशन में दर्ज एफआईआर में IIT बॉम्बे के प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला के खिलाफ जातिगत भेदभाव का आरोप लगाया है। इस मामले की जांच मुंबई क्राइम ब्रांच कर रही है। वहीं संस्थान ने घटना की विस्तृत जांच के लिए 10 सदस्यीय समिति का गठन किया है।