घाटकोपर रेलवे स्टेशन पर महिला शौचालय में 60 वर्षीय महिला से दुष्कर्म
अपनी बेटी के साथ कसारा लोकल पकड़ने स्टेशन पहुंची थी महिला
25 वर्षीय आरोपी तस्लीम नूर मोहम्मद को असल्फा गिरफ्तार
सीसीटीवी फुटेज की मदद से कुर्ला जीआरपी ने आरोपी को दबोचा
Ghatkopar Railway Station Woman Harassment Case: मुंबई के घाटकोपर रेलवे स्टेशन पर महिला यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करने वाली घटना सामने आई है। स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 2 और 3 के बीच बने महिला शौचालय में 60 वर्षीय महिला के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म और मारपीट की गई। वारदात 26 नवंबर की देर रात करीब 11:12 बजे हुई। इस मामले में कुर्ला राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) ने 25 वर्षीय आरोपी तस्लीम नूर मोहम्मद को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी को असल्फा इलाके से पकड़ा।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला खडवली में रहती हैं और रोजाना घाटकोपर में दिहाड़ी मजदूरी करने आती हैं। 26 नवंबर को वह अपनी 18 वर्षीय बेटी के साथ काम खत्म करने के बाद घर जाने के लिए कसारा लोकल पकड़ने घाटकोपर स्टेशन पहुंची थीं। बेटी प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर ट्रेन का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान रात करीब 11:12 बजे महिला प्लेटफॉर्म नंबर 2 और 3 के बीच बने महिला शौचालय में गईं।
शौचालय में उस समय कोई कर्मचारी या सुरक्षा गार्ड तैनात नहीं था। महिला के अंदर जाने के कुछ देर बाद एक युवक भी शौचालय में घुस गया। उसने अंदर से दरवाजा बंद कर लिया और महिला के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपी ने महिला के माथे पर हमला कर उन्हें घायल भी कर दिया।
सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक, आरोपी रात करीब 11:19 बजे शौचालय से बाहर निकला और तेजी से घाटकोपर मेट्रो स्टेशन की दिशा में चला गया। करीब 11:22 बजे महिला शौचालय से बाहर आईं और अपनी बेटी को आपबीती बताई। इसके बाद मां-बेटी प्लेटफॉर्म नंबर 4 पर स्थित जीआरपी सहायता केंद्र पहुंचीं। पुलिस ने महिला को मेडिकल जांच के लिए राजावाड़ी अस्पताल भेजा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कुर्ला जीआरपी ने घाटकोपर रेलवे स्टेशन और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर पुलिस ने उसे घाटकोपर के असल्फा इलाके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है।
इस घटना ने मुंबई के रेलवे स्टेशनों पर देर रात महिला यात्रियों की सुरक्षा और बिना कर्मचारी वाले सार्वजनिक शौचालयों की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।