Ghatkopar Illegal Parking Action News: घाटकोपर के सुधा पार्क मार्ग पर अवैध रूप से खड़े वाहनों, रिक्शाओं और बढ़ती गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ सोमवार को मुंबई की महापौर रितु तावड़े ने खुद मोर्चा संभालते हुए पुलिस और मनपा अधिकारियों के साथ संयुक्त कार्रवाई की।
इस दौरान सड़क और फुटपाथ पर खड़े कई वाहनों पर कार्रवाई की गई, जबकि रिक्शा में खुलेआम शराब पी रहे एक व्यक्ति को पुलिस ने हिरासत में लिया। साथ ही नशीले पदार्थों की बिक्री करने वाली एक दुकान को हटाने की प्रक्रिया भी शुरू की गई।
दरअसल घाटकोपर स्थित एन विभाग कार्यालय में आयोजित बैठक के दौरान सुधा पार्क क्षेत्र के नागरिकों ने महापौर रितू तावड़े के समक्ष कई गंभीर समस्याएं रखीं। स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क के दोनों ओर अवैध रूप से वाहन और रिक्शा खड़े किए जाते हैं, जिससे पैदल चलने वालों को भारी परेशानी होती है।
फुटपाथों का उपयोग पार्किंग स्थल की तरह किया जा रहा है और सड़क किनारे खड़े वाहनों की आड़ में असामाजिक गतिविधियां संचालित हो रही हैं। महिलाओं से छेड़छाड़ और स्कूलों तथा अस्पतालों के आसपास पान मसाला एवं नशीले पदार्थों की बिक्री को लेकर भी नागरिकों ने चिंता जताई। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए महापौर रितू तावड़े बैठक समाप्त होने के तुरंत बाद अधिकारियों के साथ सुधा पार्क मार्ग पहुंचीं।
ये भी पढ़ें :- BMC Railway Drain Cleaning: मानसून से पहले बीएमसी अलर्ट, नाला और रेलवे कल्वर्ट सफाई कार्य तेज