Mumbai Central Sawantwadi Train: गणपति उत्सव के दौरान यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए पश्चिम रेलवे ने मुंबई सेंट्रल और सावंतवाड़ी रोड के बीच विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन विशेष किराये (Special Fare) पर संचालित होगी। पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी।
ट्रेन संख्या 09019/09020 मुंबई सेंट्रल-सावंतवाड़ी रोड स्पेशल के तहत दोनों दिशाओं में दो-दो फेरे लगाए जाएंगे। ट्रेन संख्या 09019 मुंबई सेंट्रल-सावंतवाड़ी रोड स्पेशल मुंबई सेंट्रल से 25 और 26 सितंबर 2026 को रात 10:45 बजे रवाना होगी और अगले दिन रात 2:30 बजे सावंतवाड़ी रोड पहुंचेगी।
वहीं, ट्रेन संख्या 09020 सावंतवाड़ी रोड-मुंबई सेंट्रल स्पेशल सावंतवाड़ी रोड से 26 और 27 सितंबर 2026 को सुबह 4:50 बजे रवाना होगी और उसी दिन रात 8:10 बजे मुंबई सेंट्रल पहुंचेगी।
दोनों दिशाओं में यह विशेष ट्रेन बोरीवली, वसई रोड, भिवंडी रोड, पनवेल, पेण, रोहा, माणगांव, वीर, करंजाडी, खेड़, चिपलून, सावर्डा, अरावली रोड, संगमेश्वर रोड, रत्नागिरी, अडवली, विलावड़े, राजापुर रोड, वैभववाड़ी रोड, नंदगांव रोड, कणकवली, सिंधुदुर्ग, कुडाल और जाराप स्टेशनों पर रुकेगी।
पश्चिम रेलवे के अनुसार, यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रेन में एसी 3-टियर, स्लीपर क्लास और सामान्य द्वितीय श्रेणी (जनरल सेकंड क्लास) के कोच उपलब्ध होंगे। गणपति उत्सव के दौरान कोंकण क्षेत्र की ओर बड़ी संख्या में यात्रियों के जाने की संभावना को देखते हुए इस स्पेशल ट्रेन से यात्रियों को अतिरिक्त यात्रा विकल्प मिलेगा।
ट्रेन संख्या 09019 की बुकिंग 12 सितंबर 2026 से सभी यात्री आरक्षण प्रणाली (PRS) काउंटरों और IRCTC की वेबसाइट पर शुरू होगी।