भिवंडी FDA का छापा (सोर्सः डिजाइन फोटो) 
मुंबई

महाराष्ट्र के भिवंडी में रीपैक कर बिक रहा था एक्सपायर्ड सामान, FDA ने 52 लाख का स्टॉक किया जब्त

FDA Raid Expired Food Racket: महाराष्ट्र के भिवंडी में FDA ने अमेजन वेयरहाउस समेत 8 ठिकानों पर छापा मारकर 52 लाख रुपये का एक्सपायर्ड खाद्य स्टॉक जब्त किया। रीपैकिंग सिंडिकेट का हुआ खुलासा, FIR भी दर्ज

आलोक उमाकृष्ण

FDA Raid Expired Food Racket Amazon Warehouse: एफडीए ने महाराष्ट्र के भिवंडी में अमेजन रिटेल वेयरहाउस समेत 8 ठिकानों पर छापेमारी कर एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थों के अंतर-राज्यीय सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया। कार्रवाई में आशीर्वाद, फॉर्च्यून और गुड लाइफ समेत करीब 52 लाख रुपए का एक्सपायर्ड खाद्य स्टॉक जब्त हुआ। जांच में माल की एक्सपायरी डेट बदलकर रीपैक कर बाजार में बेचने का खुलासा हुआ। मामले में अमेजन वेयरहाउस का एफएसएसएआई लाइसेंस तत्काल निलंबित कर दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई।

खाद्य सुरक्षा आयुक्त तुकाराम मुंढे के निर्देश पर एफडीए ठाणे ने भिवंडी में एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थों के अंतर-राज्यीय सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया। जांच में पता चला कि बड़ी ई-कॉमर्स और लॉजिस्टिक कंपनियां एक्सपायर्ड माल अनधिकृत स्क्रैप एजेंसियों को सौंपती थीं।

ये एजेंसियां माल नष्ट किए बिना केवल कागजों पर 'फॉल्स डिस्पोजल सर्टिफिकेट' तैयार करती थीं। इसके बाद उसे भिवंडी-मुंब्रा के अवैध गोदामों तक पहुंचाती थीं। वहां एक्सपायरी डेट बदलकर आशीर्वाद, फॉर्च्यून और गुड लाइफ जैसे ब्रांडों के उत्पाद रीपैक कर कम कीमत पर बाजार और होटलों में बेचे जाते थे।

सीधी एफआईआर और लाइसेंस सस्पेंड

सहायक आयुक्त वाईएच ढाणे के नेतृत्व में अमेजन के सरवली स्थित वेयरहाउस पर छापे में करीब 1.5 टन एक्सपायर्ड व खराब खाद्य सामग्री बरामद हुई। खाद्य सुरक्षा अधिकारी अरविंद कांडेलकर की शिकायत पर आरके ट्रेडर्स के मालिक रहमान के., अमेजन के फैसिलिटी मैनेजर सोमशेखर बसवराज कोन्नुर सहित अन्य के खिलाफ कोनगांव पुलिस थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया, जबकि वेयरहाउस का खाद्य सुरक्षा लाइसेंस तत्काल निलंबित कर दिया गया।

वहीं, निजामपुरा पुलिस के साथ की गई दूसरी कार्रवाई में बिना बिल के 5.18 रुपए लाख मूल्य का 1,200 किलो एक्सपायर्ड आटा व पैक्ड खाद्य सामग्री जब्त कर एफआईआर दर्ज की गई।

पूर्व-कार्रवाई में 45.74 लाख का माल जब्त

इससे पहले सहायक आयुक्त संतोष सिरोसिया के नेतृत्व में भिवंडी के 8 गोदामों पर छापेमारी कर बिना वैध दस्तावेजों के रखा 45.74 लाख का एक्सपायर्ड खाद्य स्टॉक जब्त किया गया। इनमें संजर ट्रेडर्स से 25.36 लाख, अबुल फैजान अंसारी से 9.21 लाख और एसएस ट्रेडिंग से 7.86 लाख रुपए का माल बरामद हुआ।

आयुक्त तुकाराम मुंढे ने दी चेतावनी

खाद्य सुरक्षा आयुक्त तुकाराम मुंढे ने कहा कि 'महाराष्ट्र में सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य उत्पाद सुनिश्चित करने के लिए सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई, आपराधिक मुकदमे और लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया और तेज की जाएगी।'

अयोग्य को बना दिया मुख्यमंत्री! शिवसेना मामले में SC में सिब्बल की आक्रामक दलीलें

मराठों के गढ़ से सिखों का क्या कनेक्शन, नांदेड़ क्यों पहुंचे थे सुखबिर सिंह बादल? जानें ऐतिहासिक बैकग्राउंड

आज की ताजा खबर 13 अगस्त LIVE: सुखबीर सिंह बादल पर हुआ जानलेवा हमला, अस्पताल में भर्ती

VIDEO: सुखबीर सिंह बादल पर निहंग ने कृपाण से किया हमला, नांदेड़ गुरुद्वारे में वारदात की पूरी कहानी

अब खत्म हो विजय माल्या और बैंकों का विवाद! बॉम्बे हाईकोर्ट की टिप्पणी; ED से मांगी जब्त संपत्तियों की जानकारी