Eknath Shinde London Visit British Parliament Awards: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के प्रशासनिक कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की गूंज अब अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंच गई है। ब्रिटेन की संसद में 9 और 10 सितंबर को आयोजित होने वाले दो महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में एकनाथ शिंदे को तीन अलग-अलग सम्मानों से सम्मानित किया जाएगा।
ब्रिटिश संसद के हॉउस ऑफ लॉर्डस में ‘कॉमनवेल्थ पब्लिक लीडरशिप रिकग्निशन’ प्रतिष्ठित अवार्ड डिप्टी सीएम शिंदे को दिया जाएगा। इसके अलावा ‘स्टेट्समैनशिप अवॉर्ड’ और ‘ग्लोबल प्राइड ऑफ महाराष्ट्र’ अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार भी दिए जाएंगे।
दो दिवसीय लंदन दौरे के लिए उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे बुधवार की रात रवाना हो गए। उनके दौरे के दौरान ब्रिटिश संसद के हाउस ऑफ लॉर्ड्स और हाउस ऑफ कॉमन्स में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
यूके एशियन बिजनेस काउंसिल और ‘कैनवास फॉर केयर क्रिएटिव आर्ट कैंपस’ के संयुक्त तत्वावधान में 9 सितंबर को हाउस ऑफ लॉर्ड्स में ‘कॉमनवेल्थ पब्लिक लीडरशिप रिकग्निशन’ समारोह आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में एकनाथ शिंदे को नागरिक-केंद्रित, पारदर्शी और नवोन्मेषी प्रशासन के लिए सम्मानित किया जाएगा।
आयोजकों के मुताबिक, शिंदे के मुख्यमंत्री और वर्तमान में उपमुख्यमंत्री के रूप में किए गए कार्यों को इस सम्मान के लिए आधार बनाया गया है। विशेष रूप से ‘मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहीण योजना’, ‘शासन आपल्या दारी’ और ‘मुख्यमंत्री युवा कार्य प्रशिक्षण योजना’ को उल्लेखनीय माना गया है। इस अवसर पर ‘कैनवास फॉर केयर’ नाम से संसदीय कला प्रदर्शनी भी आयोजित होगी। इसमें ब्रिटेन के बच्चों द्वारा महाराष्ट्र की इन योजनाओं की अवधारणा पर बनाए गए चित्र प्रदर्शित किए जाएंगे।
10 सितंबर को ब्रिटिश संसद के हाउस ऑफ कॉमन्स में ‘इंटरनेशनल कॉन्क्लेव 2026: ग्लोबल बिजनेस एंड इन्वेस्टमेंट डायलॉग’ का आयोजन होगा। इंडो-यूरोपियन बिजनेस फोरम और वर्ल्ड लीडरशिप फोरम की ओर से आयोजित इस सम्मेलन में एकनाथ शिंदे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसी कार्यक्रम में उन्हें ‘स्टेट्समैनशिप अवॉर्ड’ से सम्मानित किया जाएगा।
डीसीएम शिंदे इस अंतरराष्ट्रीय मंच से महाराष्ट्र के विकास के विजन के साथ भारत-ब्रिटेन आर्थिक संबंधों, निवेश और व्यापार की संभावनाओं पर अपने विचार रखेंगे। नगर विकास, आवास और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में महाराष्ट्र राज्य में किए गए कार्यों पर भी चर्चा होगी।
कार्यक्रम में ब्रिटिश संसद के दोनों सदनों के सदस्य, वरिष्ठ मंत्री, महापौर, विभिन्न देशों के राजदूत, वैश्विक कारोबारी और कॉमनवेल्थ देशों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इससे महाराष्ट्र और ब्रिटेन के बीच व्यापार, उद्योग तथा निवेश संबंधों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
लंदन प्रवास के दौरान एकनाथ शिंदे महाराष्ट्र मंडल के महाराष्ट्र भवन का भी दौरा करेंगे। करीब 94 वर्ष पुराने इस संगठन की ओर से उन्हें महाराष्ट्र के सामाजिक और आर्थिक विकास में योगदान के लिए ‘ग्लोबल प्राइड ऑफ महाराष्ट्र’ सम्मान प्रदान किया जाएगा।