Dattatray Bharne On Sunil Tatkare After PK Sunetra Meeting: चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार की अचानक हुई मुलाकात के बाद राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) में मची हलचल के बीच पार्टी के वरिष्ठ नेता और कृषि मंत्री दत्तात्रेय भरणे ने डैमेज कंट्रोल की कमान संभाल ली है।
अटकलों को खारिज करते हुए दत्तात्रेय भरणे ने स्पष्ट किया कि एनसीपी प्रदेश अध्यक्ष बदलने या संगठन में किसी बड़े फेरबदल को लेकर कोई सलाह नहीं दी गई है। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे सुनेत्रा पवार के मार्गदर्शन में उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं।
मीडिया में चल रही खबरों पर अपना रुख साफ करते हुए कृषि मंत्री दत्तात्रेय भरणे ने कहा, "प्रशांत किशोर और स्वर्गीय अजित दादा के पुराने व मधुर संबंध रहे हैं, उसी शिष्टाचार के तहत यह मुलाकात हुई थी। कुछ लोग गलतफहमी के कारण प्रदेश अध्यक्ष को बदलने जैसी भ्रामक खबरें फैला रहे हैं। सुनील तटकरे सभी को साथ लेकर चल रहे हैं और सुनेत्रा पवार के मार्गदर्शन में पार्टी लगातार मजबूत हो रही है।"
प्रवक्ता उमेश पाटिल के बयानों और पार्टी में अंदरूनी कलह की चर्चाओं पर विराम लगाते हुए भरणे ने कहा कि संगठन में कोई मतभेद नहीं है। छगन भुजबल, प्रफुल्ल पटेल और सुनील तटकरे के नेतृत्व में पूरी पार्टी एकजुट है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दत्तात्रेय भरणे ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल द्वारा सुनेत्रा पवार पर की गई टिप्पणी की कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने कहा, "महाराष्ट्र की संस्कृति हमेशा से महिलाओं के प्रति सम्मान की रही है। किसी भी राजनीतिक दल या नेता को महिलाओं के सम्मान से खिलवाड़ करने का अधिकार नहीं है। हर्षवर्धन सपकाल ने सुनेत्रा पवार को लेकर जो अनुचित बयानबाजी की है, उसके लिए उन्हें सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।"
हिंगोली जिले में पिछले आठ महीनों में 41 किसानों द्वारा की गई आत्महत्या की दुखद घटना पर चिंता जताते हुए कृषि मंत्री ने राज्य के संकटग्रस्त किसानों से भावुक अपील की।
उन्होंने कहा, "मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में सरकार ने बिना किसी चुनाव के भी 56 लाख किसानों के 40,000 करोड़ से अधिक के ऋण माफ किए हैं। कर्ज माफी की सूचियां चरणबद्ध तरीके से जारी की जा रही हैं और सभी पात्र किसानों के नाम इसमें शामिल होंगे। किसान भाइयों से निवेदन है कि वे किसी भी स्थिति में आत्महत्या जैसा आत्मघाती कदम न उठाएं, आपका परिवार आप पर निर्भर है।"