मुंबई क्राइम ब्रांच यूनिट प्रतीकात्मक तस्वीर सोर्स: AI
मुंबई

फर्जी रॉयल्टी रसीद रैकेट का मानखुर्द में पर्दाफाश, क्राइम ब्रांच ने 3 को दबोचा, 400 फर्जी रसीदें बरामद

Mumbai Crime Branch: मुंबई क्राइम ब्रांच ने मानखुर्द में फर्जी रॉयल्टी रसीद गिरोह का भंडाफोड़ कर 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनके पास से 400 जाली रसीदें व रायगढ़ खनन अधिकारी की मुहर मिली।

रूपम सिंह

Mankhurd Fake Royalty Receipt Racket: मुंबई क्राइम ब्रांच की यूनिट-3 ने सरकारी खजाने को नुकसान पहुंचाने और डंपर चालकों को फर्जी रॉयल्टी रसीदें उपलब्ध कराने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। अपराध शाखा ने मानखुर्द इलाके में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 400 फर्जी रॉयल्टी रसीदें, रायगढ़ खनन अधिकारी की जाली मुहर और बारकोड बरामद किए गए हैं।

मानखुर्द में बिछाया जाल

क्राइम ब्रांच के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक गणेश पिसल को सूचना मिली थी कि डंपर चालकों को फर्जी रॉयल्टी रसीदें सप्लाई की जाने वाली हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मानखुर्द के घाटकोपर लिंक रोड स्थित ‘रामलिंगम लंच होम एंड बार’ के पास रात करीब 11:05 बजे जाल बिछाया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 36 वर्षीय निजामुद्दीन तहरुद्दीन शेख उर्फ नज्जू को पकड़ लिया।

400 फर्जी रसीदें बरामद

तलाशी के दौरान आरोपी के पास मौजूद काले प्लास्टिक बैग से नीले कवर वाली चार नकली ‘रॉयल्टी टीपी’ रसीद बुक बरामद हुईं। इन चारों बुक में कुल 400 फर्जी रसीदें थीं। रसीदों पर जिला खनन अधिकारी, रायगढ़ की कथित जाली मुहर के साथ शासकीय राजसी प्रतीक और बारकोड भी छपे हुए थे।

वसई से नवी मुंबई तक नेटवर्क

पुलिस पूछताछ में निजामुद्दीन ने कथित तौर पर पूरे नेटवर्क से जुड़े लोगों की जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, वसई निवासी संघर्ष सुगीरे फर्जी रॉयल्टी रसीदें तैयार करके देता था। निजामुद्दीन इन्हें नवी मुंबई निवासी ईमान खान के डंपर चालकों के इस्तेमाल के लिए सप्लाई करने पहुंचा था।

सरकारी राजस्व को नुकसान का आरोप

जांच में सामने आया कि यह गिरोह कथित तौर पर पहले भी कई बार नकली रॉयल्टी रसीदों की सप्लाई कर चुका है। पुलिस को आशंका है कि फर्जी दस्तावेजों के जरिए सरकारी राजस्व को काफी आर्थिक नुकसान पहुंचाया गया है। क्राइम ब्रांच अब गिरोह के पुराने मामलों और नेटवर्क से जुड़े लेनदेन की भी जांच कर रही है।

तीन आरोपियों पर मामला दर्ज

फर्जीवाड़े के सामने आने के बाद मानखुर्द पुलिस स्टेशन में निजामुद्दीन शेख, संघर्ष सुगीरे और ईमान खान के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक साजिश से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। तीनों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

अन्य आरोपियों की तलाश और जांच जारी

क्राइम ब्रांच आरोपियों को रिमांड पर लेकर गिरोह के अन्य सदस्यों की भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि फर्जी रॉयल्टी रसीदें कितने समय से तैयार की जा रही थीं, किन-किन डंपर चालकों तक पहुंचाई गईं और इससे सरकारी खजाने को कितना नुकसान हुआ।

आज की ताजा खबर 18 अगस्त LIVE: तेजस्विन, दिव्या समेत 17 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार, फांसी पर SC का बड़ा बयान

जेपी नड्डा की हुई एंजियोप्लास्टी, दिल्ली AIIMS में चल रहा इलाज; सामने आया हेल्थ अपडेट

कंगना ने दिया कांग्रेस को मुंहतोड़ जवाब, बोली- वंदे मातरम से पाकिस्तानियों से ज्यादा कांग्रेस क्यों तड़पती है?

झारखंड सरकार ने मानी छात्रों की बात, तो राहुल गांधी ने जताई खुशी, बोले- छात्र सवाल पूछें, तो जवाब मिलना चाहिए

नहीं हुआ गैरकानूनी बल प्रयोग, दिल्ली पुलिस ने SC में दाखिल किया हलफनामा- प्रदर्शन में शामिल थे हिस्ट्रीशीटर