Cockroach Janta Party Instagram Followers: सोशल मीडिया पर शुरू हुआ एक मीम-आधारित डिजिटल आंदोलन अब देश की मुख्यधारा की राजनीति का सबसे बड़ा विवाद बन चुका है। 'कॉकरोच जनता पार्टी' के इंस्टाग्राम अकाउंट को हैक या बंद किए जाने के बाद, रविवार को संस्थापक अभिजीत दीपके ने इस पर दोबारा नियंत्रण पाते ही सत्ता पक्ष के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। अभिजीत ने एक कॉकरोच की तस्वीर के साथ वीडियो साझा करते हुए लिखा, "हम वापस आ गए हैं, आप शायद भूल गए हैं कि हम विपरीत परिस्थितियों में भी जीवित रहने के लिए क्या कर सकते हैं।"
इस डिजिटल लहर से मची राजनीतिक खलबली के बीच केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू के एक परोक्ष ट्वीट ने आग में घी डालने का काम किया। रिजिजू ने लिखा था कि भारत में युवाओं की कोई कमी नहीं है, लेकिन कुछ लोग सोशल मीडिया पर कृत्रिम रूप से पाकिस्तान और विदेशी ताकतों की मदद से फॉलोअर्स बढ़ा रहे हैं। इस पर कड़ा ऐतराज जताते हुए अभिजीत दीपके ने अपने अकाउंट्स का वास्तविक एनालिटिक्स डेटा सार्वजनिक कर दिया, जिसने केंद्रीय मंत्री के दावों की हवा निकाल दी। अभिजीत ने सीधे सवाल किया कि आखिर जायज मुद्दों पर आवाज उठाने वाले भारतीय युवाओं को 'पाकिस्तानी' बताकर क्यों बदनाम किया जा रहा है?
अभिजीत ने जानकारी दी कि सरकार के दबाव में उनकी आधिकारिक वेबसाइट को पूरी तरह ठप (Down) कर दिया गया है, जिस पर 10 लाख से अधिक युवाओं ने बकायदा पंजीकरण (Registration) कराया था। इस वेबसाइट पर देश के शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर एक ऑनलाइन कैंपेन चलाया जा रहा था, जिस पर महेज कुछ ही दिनों में 6 लाख से ज्यादा लोगों ने अपने डिजिटल दस्तखत दर्ज किए थे। फिलहाल वेबसाइट खोलने पर "यह साइट उपलब्ध नहीं है" का एरर आ रहा है।
ये भी पढ़ें- कॉकरोच जनता पार्टी को अन्ना हजारे के समर्थन के बाद गिरीश महाजन का बड़ा बयान; कहा- ‘जल्द करूंगा मुलाकात’
देश भर में चर्चा का विषय बने 30 वर्षीय अभिजीत दीपके महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर (औरंगाबाद) के रहने वाले हैं। उन्होंने पुणे से पत्रकारिता की डिग्री ली है और फिलहाल अमेरिका के प्रतिष्ठित बोस्टन विश्वविद्यालय से जनसंपर्क (Public Relations) में पोस्ट ग्रेजुएशन कर रहे हैं। वे अमेरिका में रहकर ही अपने 'X' और इंस्टाग्राम अकाउंट के जरिए भारत में किसानों के आंदोलन, बेरोजगारी और परीक्षा घोटालों जैसे ज्वलंत मुद्दों पर सीधे केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री को निशाना बना रहे हैं।
अभिजीत डिजिटल प्रोपेगैंडा और मीम वॉर के पुराने खिलाड़ी हैं। साल 2020 के दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी (AAP) के लिए मुख्य सोशल मीडिया रणनीतिकार के रूप में काम किया था। उस चुनाव के दौरान 'आप' के जितने भी बड़े वायरल मीम्स और ऑनलाइन कैंपेन थे, वे अभिजीत ने ही डिजाइन किए थे। बाद में व्यक्तिगत कारणों और आर्थिक स्थिरता के लिए 'आप' छोड़कर वे उच्च शिक्षा के लिए अमेरिका चले गए। अब CJP के जरिए उनके इस आक्रामक डिजिटल उभार ने भारतीय राजनीति में सोशल मीडिया की ताकत को एक बार फिर साबित कर दिया है।