Abhijeet Dipke Shoes Controversy: देश के पहले 'Gen Z' आंदोलन का नेतृत्व कर सुर्खियों में आए कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके एक बार फिर सोशल मीडिया पर चर्चा और विवादों के केंद्र में हैं। केंद्र सरकार के खिलाफ लगातार आक्रामक रुख अपनाने वाले दीपके की अब नेटिजन्स और राजनीतिक विश्लेषकों द्वारा कड़ी स्क्रीनिंग की जा रही है।
अमेरिका की बोस्टन यूनिवर्सिटी में हुई उनकी पढ़ाई और खर्च पर उठे विवाद के शांत होने के बाद, अब उनके महंगे जूतों को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर यूजर्स दीपके से तीखे सवाल पूछते हुए नजर आ रहे हैं।
33 हजार रुपये के स्पोर्ट्स शूज पर खड़ा हुआ बवाल
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) पर सान्वी शर्मा नाम की एक यूजर ने पोस्ट शेयर कर दावा किया है कि बुधवार को सार्वजनिक रूप से नजर आए अभिजीत दीपके ने जो ब्रांडेड स्पोर्ट्स शूज पहन रखे थे, उनकी कीमत 33,000 रुपये से अधिक है।
इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने सवाल उठाने शुरू कर दिए कि आम जनता और युवाओं की राजनीति करने का दावा करने वाले नेता इतने महंगे जूते पहनकर आंदोलन की नुमाइंदगी कैसे कर रहे हैं। मूल रूप से महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर के रहने वाले 30 वर्षीय अभिजीत दीपके ने सीजेआई सूर्यकांत की एक टिप्पणी के बाद 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) का गठन किया था।
यह पहला मौका नहीं है जब अभिजीत दीपके की जीवनशैली और वित्तीय स्रोतों पर उंगली उठी हो। इससे पहले अमेरिका के बोस्टन विश्वविद्यालय से पब्लिक रिलेशंस में मास्टर ऑफ साइंस की पढ़ाई के दौरान हुए भारी-भरकम खर्च पर भी सवाल खड़े किए गए थे।
गुजरात के एक आरटीआई कार्यकर्ता द्वारा पत्राचार किए जाने के बाद दीपके ने सफाई दी थी कि उन्होंने उच्च शिक्षा के लिए एजुकेशन लोन (Education Loan) लिया था। वहीं, जंतर-मंतर पर हुए प्रोटेस्ट के दौरान आंदोलन की फंडिंग को लेकर भी सवाल उठे थे, हालांकि विदेश मंत्रालय ने किसी भी तरह की विदेशी फंडिंग से इनकार किया था।
पुणे से पत्रकारिता और जनसंचार में स्नातक करने वाले अभिजीत दीपके पूर्व में आम आदमी पार्टी (AAP) के वालंटियर रह चुके हैं। अमेरिका से सीधे दिल्ली पहुंचने के बाद उन्होंने NEET पेपर लीक के विरोध में तत्कालीन केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर बड़ा प्रदर्शन आयोजित किया था। जंतर-मंतर पर 'जंतर-मंतर 2' की घोषणा कर चुके दीपके ने अब सितंबर महीने से 'क्या बोलती पब्लिक' नामक एक नए राष्ट्रव्यापी अभियान को शुरू करने का ऐलान किया है।