कन्फर्म टिकट पर सीट नंबर 73 गायब, बुजुर्ग यात्री को हुई परेशानी।
डेढ़ घंटे बाद पहुंचे टीसी, दूसरी सीट पर किया गया समायोजन।
कोच बदलने से सीट नंबर में गड़बड़ी की रेलवे ने दी सफाई।
Indian Railway Missing Seat Number: भारतीय रेलवे की आरक्षण व्यवस्था में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। एक बुजुर्ग यात्री को कन्फर्म टिकट मिलने के बावजूद ट्रेन के डिब्बे में उनकी निर्धारित सीट ही नहीं मिली।
टिकट पर सी-2 कोच में 73 नंबर की सीट आवंटित थी, लेकिन वास्तविक कोच में यह सीट मौजूद नहीं थी। इसके कारण यात्री को रात के सफर में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस घटना ने रेलवे की आरक्षण प्रणाली और कोचों की वास्तविक व्यवस्था के बीच तालमेल पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
डोंबिवली पूर्व निवासी राजेंद्र हिराबाई जोमाजी पाटील ने शुक्रवार को सोलापुर से कल्याण तक होसपेट-मुंबई एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 11140) से यात्रा की।
उनके आरक्षित टिकट पर सी-2 कोच में सीट नंबर 73 दर्ज था। ट्रेन में चढ़ने के बाद उन्होंने काफी तलाश की, लेकिन उन्हें निर्धारित सीट नहीं मिली। अग्रिम आरक्षण कराने के बावजूद उन्हें दूसरी सीट की व्यवस्था के लिए परेशान होना पड़ा।
इस मामले में कोचों की सीट व्यवस्था में अन्य विसंगतियां भी सामने आईं। जानकारी के अनुसार, सी-1 कोच में एक से पांच तक की सीटों की श्रृंखला में तीसरे नंबर की सीट गायब थी। इसी तरह सी-2 कोच में 73 नंबर की सीट मौजूद नहीं थी। इससे रेलवे के आरक्षण सॉफ्टवेयर में दर्ज सीटों और डिब्बे में उपलब्ध वास्तविक सीटों के बीच अंतर का मामला सामने आया।
मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. स्वप्नील नीला ने बताया कि तकनीकी कारणों से कई बार अंतिम समय में ट्रेन के कोच बदलने पड़ते हैं। ऐसी स्थिति में टिकट पर दर्ज सीट नंबर और वास्तविक कोच की व्यवस्था में अंतर हो सकता है। उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थिति में यात्री को वैकल्पिक सीट उपलब्ध कराना टिकट निरीक्षक की जिम्मेदारी है। इस मामले में भी यात्री को दूसरी सीट पर समायोजित किया गया था।
उपनगरीय यात्री संघ की अध्यक्ष लता अरगडे के अनुसार, ट्रेन के सोलापुर से रवाना होने और कुडुवाडी स्टेशन पार करने तक टीसी कोच में नहीं पहुंचे। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक को फोन कर टिकट भेजने और नियंत्रण कक्ष से संदेश जाने के बाद करीब डेढ़ घंटे में टीसी पहुंचे।
इस घटना के बाद यात्रियों ने मांग की है कि कोच या सीट में बदलाव होने पर रेलवे को एसएमएस के जरिए पहले ही सूचना देनी चाहिए, ताकि खासकर बुजुर्ग यात्रियों को रात के सफर में परेशानी न हो।