Bombay High Court Stay On Musafirkhana Demolition: मुंबई भिंडी बाजार स्थित मुसाफिरखान इमारत में चल रही तोड़फोड़ की कार्रवाई पर बॉम्बे हाईकोर्ट ने तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। अब तक जितना भी तोड़फोड़ का काम हुआ है, उसकी तस्वीरें ली जाएंगी। अगली सुनवाई तक बीएमसी की ओर से आगे कोई तोड़फोड़ नहीं की जाएगी। मामले में अगली सुनवाई 25 नवंबर को होगी।
बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने मुंबई के भिंडी बाजार में जीर्ण-शीर्ण मुसाफिरखाना इमारत में विध्वंस अभियान गुरुवार सुबह शुरू किया और घटनास्थल पर भारी पुलिस तैनात किया गया है।
मुंबई के भिंडी बाजार स्थित जीर्ण-शीर्ण मुसाफिरखाना इमारत रोकने के लिए बॉम्बे हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई थी। इस पर हाईकोर्ट ने 3 बजे सुनवाई की और तोड़फोड़ की कार्रवाई पर लगा दी।
मुसाफिरखाना इमारत के याचिकाकर्ताओं का तर्क है कि नोटिस अचानक दिया गया और BMC पर्याप्त समय दिए बिना ही तोड़फोड़ करने आ गई। याचिकाकर्ताओं के आरोपों को खारिज करते हुए, BMC के वकील ने बताया कि शुरुआती नोटिस 2018 में ही जारी कर दिया गया था।
बॉम्बे हाई कोर्ट ने सुनवाई के दौरान सवाल किया कि क्या यह संपत्ति वक्फ बोर्ड की है। कोर्ट को बताया गया कि इस मामले की सुनवाई पहले भी एक डिवीजन बेंच द्वारा की जा चुकी है। COVID-19 महामारी के दौरान भी सुनवाई हुई थी।
बता दें कि, मुंबई के भिंडी बाजार स्थित अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के पुश्तैनी घर पर बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने बुलडोजर कार्रवाई कर उसे ध्वस्त कर दिया। इसी के साथ पाकमोडिया लेन स्थित हाजी इस्माइल हबीब मुसाफिरखाना (मस्जिद) इमारत को गुरुवार सुबह से ढहाने का काम शुरू किया गया। कार्रवाई के मद्देनजर पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। परिसर और आसपास 250 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था।
बीएमसी की बुलडोजर कार्रवाई को लेकर स्थानीय लोग विरोध कर रहे हैं। स्थानीय लोगों को कहना है कि पाकमोडिया लेन स्थित हाजी इस्माइल हबीब मुसाफिरखाना यानी मस्जिद की इमारत वक्फ बोर्ड की संपत्ति है।
बीएमसी के सी वार्ड ने 16 नवंबर 2026 को इमारत को सी-1 श्रेणी की अत्यधिक जर्जर और खतरनाक इमारत घोषित करते हुए नोटिस जारी किया था। 31 अगस्त 2020 के बॉम्बे हाई कोर्ट के आदेश के तहत इसे गिराने की कार्रवाई की जा रही है। यह इमारत सेकंड कूपर स्ट्रीट के सड़क चौड़ीकरण प्रोजेक्ट में भी बाधा बन रही है।