BMC Security Guard Vacancies Mumbai: बीएमसी के सुरक्षा रक्षक विभाग में रिक्त पदों की संख्या 70 प्रतिशत तक पहुंच गई है, जिससे कार्यरत कर्मचारियों पर काम का भारी दबाव बढ़ गया है। म्युनिसिपल मजदूर यूनियन ने इस संबंध में मनपा आयुक्त को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
यूनियन द्वारा दिए गए पत्र के अनुसार, सुरक्षा रक्षक विभाग में कुल 3,809 स्वीकृत पद हैं, जिनमें से 2,119 पद रिक्त पड़े हैं। वर्तमान में केवल 1,690 कर्मचारी ही कार्यरत हैं।
कर्मचारियों की कमी के कारण कूपर अस्पताल और मनपा मुख्यालय जैसे स्थानों पर अन्य विभागों से कर्मचारियों को खींचकर सुरक्षा ड्यूटी पर लगाया जा रहा है। इसका सीधा असर तानसा, वैतरणा, मोडक सागर जैसी महत्वपूर्ण जलवाहिनियों और भांडुप कॉम्प्लेक्स जैसे अति संवेदनशील स्थलों की सुरक्षा पर पड़ रहा है।
कर्मचारियों की समस्याओं को सामने रखते हुए यूनियन के सहायक महासचिव एडवोकेट योगेश नाईक ने बताया कि कर्मचारियों की कमी के चलते, महिला और पुरुष सुरक्षा रक्षकों को लगातार दो-दो शिफ्टों में काम करना पड़ रहा है, जिससे उनके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। साथ ही कर्मचारियों को उनका हक का अवकाश भी नहीं मिल पा रहा है।
यूनियन ने प्रशासन द्वारा सीधी भर्ती प्रक्रिया में हो रही देरी और 948 पदों की भर्ती को लेकर नीति में स्पष्टता न होने पर भी सवाल उठाए है। स्थिति से निपटने के लिए यूनियन ने पिछले पांच वर्षों में सेवानिवृत्त हुए, लेकिन शारीरिक रूप से सक्षम पूर्व सुरक्षा रक्षकों को अनुबंध के आधार पर फिर से नियुक्त करने का सुझाव दिया है।
यूनियन के सहायक महासचिव एडवोकेट योगेश नाईक ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने इस गंभीर मुद्दे पर जल्द चर्चा के लिए बैठक नहीं बुलाई, तौ यूनियन को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा।